भारत विकासशील से विकसित देश बनने की राह पर अग्रसर : मनीषा कायंदे

मुंबई । महाराष्ट्र में भारत की जीडीपी वृद्धि और मौजूदा राजनीतिक हालात को लेकर शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि इस अवधि में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है।
मनीषा कायंदे ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। जो आर्थिक सुधार किए गए हैं और जिस तरह की विकास दर हम देख रहे हैं, उससे यह स्पष्ट है कि देश एक विकास की ओर बढ़ चुका है। मुझे पूरा विश्वास है कि एक दिन भारत निश्चित रूप से विकसित देश बनेगा।
इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी तंज कसा।
मनीषा कायंदे ने कहा कि राहुल गांधी एक गैर-जिम्मेदार नेता हैं। राहुल गांधी भले ही नेता प्रतिपक्ष हों, लेकिन जब संसद में चर्चाएं शुरू होती हैं, तब वे अक्सर विदेश चले जाते हैं। ऐसे में उन्हें भारत की जीडीपी या अर्थव्यवस्था पर टिप्पणी करने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
इसके अलावा, शिवसेना नेता ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब ईडी के अधिकारी कहीं जांच के लिए पहुंचते हैं, तो ममता बनर्जी घबरा क्यों जाती हैं।
मनीषा कायंदे ने कहा, अगर ममता बनर्जी का रिकॉर्ड साफ है, तो उन्हें डरने की कोई जरूरत नहीं है। उन्हें चाहिए कि वे संबंधित दस्तावेज सामने रखें और जांच में सहयोग करें। किसी के यहां ईडी की रेड पड़ना एक कानूनी प्रक्रिया है और हर किसी को कानून का सामना करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक रंग देना गलत है। अगर कोई निर्दोष है, तो जांच से सच अपने आप सामने आ जाएगा।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular