नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के नेता नितिन नवीन ने निर्विरोध जीत दर्ज करके बीजेपी की कमान संभाल ली है। नितिन नवीन बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन चुके हैं। आज सुबह दिल्ली के कई मंदिरों में माथा टेकने के बाद नितिन नवीन ने बीजेपी मुख्यालय का रुख किया। कुछ देर में वो अपना पदभार ग्रहण कर सकते हैं।
नई दिल्ली स्थित बीजेपी के मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं का जमावड़ा लगा है। नितिन नवीन की ताजपोशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्र राजनाथ सिंह समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल हैं।
पीएम मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते कई महीनों से संगठन पर्व यानी पार्टी की छोटी-सी इकाई से लेकर अध्यक्ष चुनने की व्यापक प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से, भाजपा के संविधान की स्पिरिट को और उसमें बताई गई हर बात को ध्यान में रखकर लगातार चल रही थी, आज उसका विधिपूर्वक समापन हुआ है। संगठन पर्व का यह विशाल आयोजन, भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। मैं देशभर के कार्यकर्ताओं का इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए बहुत-बहुत अभिनंदन करता हूं।’ पीएम मोदी ने कहा, ‘बीते एक डेढ़ वर्षों में डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती, अटल जी की 100वीं जन्म जयंती, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष, ऐसे महापर्व हम मनाते रहे हैं। ये वे प्रेरणाएं हैं, जो देश के लिए जीने के हमारे संकल्प को और मजबूत करती हैं। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।’ पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री भी रहा, लेकिन मैं भाजपा का कार्यकर्ता रहा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।
जेपी नड्डा ने दीं नितिन नबीन को दीं शुभकामनाएं
पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन पदभार संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महान पार्टी, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के तौर पर आगे बढ़ने का सौभाग्य मिला। इसी को आगे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा के तौर पर आगे बढ़ाया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नवीन ये पदभार संभाल रहे हैं।उन्होंने कहा, ‘नितिन नवीन जो मूलत: कार्यकर्ता हैं, वैचारिक पृष्ठभूमि पर परिपक्व हैं और बहुत ही छोटी उम्र में पांच बार विधायक रह चुके हैं और वर्तमान में भी विधायक हैं। बिहार सरकार में कई बार मंत्री रहे हैं। हमारे राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव के रूप में आपको सारे देश का भ्रमण करने का मौका मिला, आपने सारे देश को समझा। आप सिक्किम के प्रभारी रहे और आप छत्तीसगढ़ के भी प्रभारी रहे, जहां आपने BJP सरकार लाने में बहुत बड़ा योगदान किया। ऐसे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला है। आपको बहुत-बहुत बधाई, बहुत-बहुत शुभकामनाएं।’
बीजेपी मुख्यालय पहुंचे नितिन नवीन
बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदग्रहण करने से पहले नितिन नवीन भी बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। उनकी ताजपोशी से पहले कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
कई दिग्गज नेता मौजूद
गृह मंत्री अमित शाह, पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बीजेपी मुख्यालय पहुंच चुके हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा, विदेश मंत्री एस.जयशंकर, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी बीजेपी मुख्यालय पर मौजूद हैं।
रमेश बिधूड़ी ने कसा तंज
नितिन नवीन की ताजपोशी में बीजेपी नेता रमेश बिधूड़ी भी पहुंचे हैं, जहां उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। रमेश बिधूड़ी ने कहा, ये साफ संदेश है कि पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता शीर्ष पद तक पहुंच सकता है। बीजेपी में 45 साल का कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने जा रहा है। यही है असली लोकतंत्र।

