आशा कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन से डरी बंगाल की ममता सरकार, कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल सरकार राज्य में आशा कार्यकर्ताओं के विरोध को कुचलने की कोशिश कर रही है। इसके तहत बुधवार को बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। साथ ही राज्य के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की जा रही है। दरअसल आशा कार्यकर्ता बुधवार को राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन तक अपनी मांगों को लेकर विरोध मार्च निकालने की तैयारी कर रही हैं। इसे रोकने के लिए राज्य सरकार ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया है।
आशा कार्यकर्ता अपने मासिक मानदेय में बढ़ोतरी और बीमा कवर की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं ने राज्य में बीती 23 दिसंबर से ही काम रोका हुआ है। प्रदर्शनकारियों का दावा है कि बंगाल पुलिस ने सियालदह स्टेशन और हावड़ा स्टेशन के बाहर बैरिकेडिंग की हुई है। इन स्टेशनों पर राज्य के विभिन्न जिलों से प्रदर्शनकारी पहुंच रही हैं। कई प्रदर्शनकारी पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद स्टेशन पर ही धरने पर बैठ गईं। पश्चिमी दिनाजपुर की एक आशा कार्यकर्ता ने बताया कि सुबह 6.30 बजे से ही उन्हें रेलवे स्टेशन से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular