लेटेस्ट न्यूज़
24 Jan 2026, Sat

मणिपुर में फिर बढ़ा तनाव, कुकी-बहुल क्षेत्र में मैतेयी युवक की अगवा कर हत्या, पत्नी को जिंदा छोड़ा

नई दिल्ली। मणिपुर में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बनती दिख रही है। लंबे समय से अशांत चल रहे मणिपुर में अगवा किए गए मैतेयी समाज के एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। चुराचांदपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों की ओर से युवक का अपहरण कर लिया गया जिसकी बाद में हत्या कर दी गई। जबकि उसकी पत्नी को जिंदा छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि एम ऋषिकांत सिंह को कल बुधवार को तुइबोंग इलाके में उनके घर से उठा लिया गया और फिर नटजांग गांव के पास उसे गोली मार दी गई। संदिग्ध अपहरणकर्ता यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (UNKA) के कार्यकर्ता बताए जा रहे हैं, और यह संगठन सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस (SoO) एग्रीमेंट पर हस्ताक्षर करने वाले गुट में शामिल नहीं है।
युवक ऋषि ने की थी कुकी लड़की से शादी
शांति स्थापित करने के लिए सस्पेंशन ऑफ ऑपरेशंस एग्रीमेंट केंद्र सरकार, मणिपुर सरकार और दर्जनों कुकी-जो उग्रवादी समूहों के बीच किया गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ऋषिकांत सिंह, जो काकचिंग जिले के काकचिंग खुनौ के रहने वाले थे, ने चुराचांदपुर की चिंगनू हाओकिप से शादी की थी और एक आदिवासी नाम, गिनमिनथांग अपनाया था। वह पिछले दिनों 19 जनवरी को नेपाल से चुराचांदपुर लौटे थे। उन्होंने बताया कि कुछ स्थानीय समूहों ने उन्हें अपनी कुकी पत्नी के साथ रहने की इजाजत दी थी।
मई 2023 से ही मैतेयी-कुकी के बीच तनाव
करीब ढाई साल पहले मई 2023 में मणिपुर में हिंसा भड़कने के बाद कुकी और मैतेई के बीच दुश्मनी काफी बढ़ गई और इससे जुड़े लोग एक-दूसरे के इलाकों में नहीं जाते हैं, जिससे राज्य जातीय आधार पर बुरी तरह बंट चुका है। इस हिंसा में 260 से ज्यादा लोग मारे गए जबकि हजारों की संख्या में लोग बेघर भी हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों ने पति-पत्नी दोनों को अगवा कर लिया और उन्हें हेंगलेप पुलिस स्टेशन इलाके में नटजांग की ओर ले गए, जहां उन्हें गोली मार दिए जाने का शक है। उन्होंने बताया कि उग्रवादियों ने बाद में पत्नी को बाद में छोड़ दिया।
हत्या से पहले का वीडियो वायरल!
इस बीच इस खौफनाक घटना का एक कथित वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसमें ऋषिराज सिंह हथियारबंद लोगों द्वारा गोली मारे जाने से पहले हाथ जोड़कर अपनी जान की भीख मांगते दिख रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि जानकारी मिलने के बाद उन्होंने नटजांग गांव से ऋषिराज का शव बरामद कर लिया है। इसे रात करीब 1। 30 बजे जिला अस्पताल के मुर्दाघर में लाया गया। उन्होंने बताया कि स्वतः संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया गया है और इसमें शामिल लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी है।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।