ये दिल आशिकाना सिनेमाघरों में फिर देगी दस्तक, ट्रेलर के साथ रिलीज तारीख जारी

वैलेंटाइन डे के मौके पर नई रिलीज फिल्मों के बीच 24 साल पहले आई रोमांटिक-एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘ये दिल आशिकानाÓ भी फिरसे रिलीज होने को तैयार है। साल 2002 में रिलीज हुई ‘ये दिल आशिकाना’ 13 फरवरी को री-रिलीज हो रही है। मेकर्स ने इसकी घोषणा की है और साथ ही री-रिलीज का ट्रेलर भी जारी कर दिया है।
ट्रू एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड ‘ये दिल आशिकाना’ को 13 फरवरी को सिनेमाघरों में फिर से रिलीज करेगी। इस मौके पर फिल्म के निर्देशक कुकू कोहली ने कहा कि ‘ये दिल आशिकाना’ बड़े पर्दे के लिए ही बनी थी। इसका भव्य स्वरूप, संगीत, भावनाएं, सब कुछ सामूहिक रूप से सिनेमाघर में अनुभव करने के लिए ही बनाया गया था। मुझे सचमुच खुशी है कि नई पीढ़ी को इस फिल्म को उसी तरह देखने का मौका मिलेगा, जैसे 2002 में दर्शकों को मिला था। आज रोमांटिक फिल्मों के बहुत सारे दर्शक हैं और यह फिल्म युवा दर्शकों को पसंद आएगी।
करण नाथ और जिविधा शर्मा स्टारर इस फिल्म की कहानी करण और पूजा के इर्द-गिर्द घूमती है। जब पूजा का विमान आतंकवादियों द्वारा अगवा कर लिया जाता है और करण को एक बड़ा झटका लगता है। करण अपनी जान जोखिम में डालकर पूजा को बचाता है, लेकिन उसे पता चलता है कि पूजा का भाई भी उन्हीं आतंकवादियों में से एक है। यह फिल्म 18 जनवरी 2002 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। नदीम-श्रवण के संगीत से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।
कुकू कोहली द्वारा निर्देशित इस फिल्म में करण नाथ और जिविधा शर्मा के अलावा आदित्य पंचोली, अरुणा ईरानी, जॉनी लीवर और रजत बेदी भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। अब देखना ये है कि 24 साल बाद री-रिलीज होने पर यह फिल्म क्या कमाल दिखा पाती है। क्योंकि 13 फरवरी को शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियोÓ भी सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular