गढ़चिरोली। महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरोली जिले में आज पुलिस और नक्सलियों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हुई है। छत्तीसगढ़ सीमा से सटे इस इलाके में हुए खूनी संघर्ष में सुरक्षाबलों ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए तीन खूंखार माओवादियों को ढेर कर दिया है। हालांकि, इस ऑपरेशन के दौरान एक दुखद खबर भी सामने आई है। नक्सलियों से लोहा लेते हुए महाराष्ट्र पुलिस की विशेष एंटी-नक्सल यूनिट सी-60 का एक बहादुर कमांडो शहीद हो गया है, जबकि एक अन्य जवान गोली लगने से घायल हुआ है।
कंपनी नंबर 10 की मौजूदगी की मिली थी खबर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सुरक्षाबलों को खुफिया जानकारी मिली थी कि नारायणपुर-गढ़चिरोली जिले की सीमा पर स्थित फोदेवाडा गांव के पास जंगलों में नक्सलियों की ‘कंपनी नंबर 10Ó के बचे हुए सदस्य और छत्तीसगढ़ से आया एक अज्ञात माओवादी दलम छिपा हुआ है। इसी पुख्ता सूचना के आधार पर भामरागढ़ के उप-विभागीय पुलिस अधिकारी के नेतृत्व में सी-60 कमांडो फोर्स ने इलाके की घेराबंदी कर गहन तलाशी अभियान शुरू किया था। घना जंगल और सीमावर्ती इलाका होने के कारण यह ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण था।
रात के अंधेरे में नक्सलियों ने की फायरिंग
जवान जब सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने पुलिस बल पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। सी-60 के जवानों ने भी तुरंत मोर्चा संभाला और मुस्तैदी से जवाबी कार्रवाई की। देर रात तक चली इस मुठभेड़ में जवानों की गोलीबारी के सामने नक्सली टिक नहीं सके और तीन नक्सली मौके पर ही मारे गए। मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं, लेकिन अभी उनकी शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
एक जवान शहीद, घायल को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
दोनों तरफ से हुई इस भीषण गोलीबारी में सी-60 यूनिट को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है। अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक कमांडो वीरगति को प्राप्त हो गया। वहीं, गोलीबारी में घायल हुए दूसरे कमांडो को इलाज के लिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है, क्योंकि आशंका है कि कुछ नक्सली अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो सकते हैं।
महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में बड़ा नक्सली हमला, मुठभेड़ में 3 माओवादी ढेर, सी- 60 का एक कमांडो शहीद

