लेटेस्ट न्यूज़
11 Feb 2026, Wed

कांग्रेस सांसदों ने स्पीकर से चैंबर में गाली-गलौच की… विपक्ष पर बरसे किरेन रिजिजू

नई दिल्ली, एजेंसी। संसद का बजट सत्र चल रहा है, लेकिन यहां पर लगातार कुछ न कुछ हलचल बनी हुई है। विपक्षी सांसदों के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में जाकर हंगामा करने के मामले पर केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कम से कम 20 से 25 कांग्रेस सांसद स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उन्हें गालियां दीं। उन्होंने यह भी कहा कि मैं राहुल गांधी को कुछ नहीं सिखा सकता। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को उन्हें समझाना चाहिए। स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में विपक्षी सांसदों के हंगामे पर निराशा जाहिर करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा, “कम से कम 20-25 कांग्रेस MP लोकसभा स्पीकर के चैंबर में घुस गए और उन्हें गालियां दीं। मैं भी वहीं पर मौजूद था। ” उन्होंने आगे कहा, “स्पीकर बहुत नरम इंसान हैं, नहीं तो सख्त कार्रवाई होती। प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल समेत कांग्रेस के कई सीनियर नेता भी अंदर मौजूद थे, और वे उन्हें लड़ने के लिए उकसा रहे थे। ”
स्पीकर इस घटना से बहुत दुखीः रिजिजू
केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने आगे कहा, “जैसा कि मैंने कहा, स्पीकर इस वाकये से बहुत दुखी हैं। मैंने स्पीकर से बात भी की है। वे (कांग्रेस सांसदों) स्पीकर के चैंबर में गए और उन्हें गालियां दीं, बुरी बातें कहीं। फिर स्पीकर ने एक रूलिंग दी, जिसका पालन नहीं हुआ और फिर राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें बोलने के लिए किसी की परमिशन की जरूरत नहीं है। वह अपनी मर्जी से बोलेंगे, बिना किसी नियम के। जब तक चेयर से परमिशन नहीं मिलती, सदस्य सदन में नहीं बोल सकते। यहां तक ​​कि प्रधानमंत्री भी चेयर की परमिशन से ही बोलेंगे। हर कोई परमिशन लेकर ही बोलता है। ” लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय संसदीय मामलों के मंत्री रिजिजू ने कहा, “मैं राहुल गांधी जी को कुछ नहीं सिखा सकता। मुझे समझ नहीं आता कि वह किस दुनिया में रहते हैं। कौन सी आइडियोलॉजी उनके कामों को चलाती है?”
वीडियो बनाने वाले सांसदों पर भी कार्रवाई!
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों को सलाह देते हुए कहा किकांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों को उन्हें (राहुल गांधी) समझाना चाहिए कि संसद इस तरह से नहीं चल सकती। यहां बच्चों जैसा बर्ताव नहीं करना चाहिए। हमारा देश बहुत बड़ा है, और सुरक्षा एक अहम मुद्दा है। हमारी सुरक्षा को राजनीतिक हथियार के तौर पर इस्तेमाल करना और किसी की इज्जत को कम आंकना सही नहीं है। ”
इस बीच लोक सभा से निलंबित किए गए विपक्ष के 8 सांसदों का निलंबन वापस नहीं होगा। पिछले हफ्ते 3 फरवरी को कांग्रेस के 7 और सीपीएम के एक सांसद को निलंबित किया गया था। अब कहा जा रहा है कि उन सांसदों के खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है जिन्होंने स्पीकर ओम बिरला के चैंबर में हंगामा किया और इसका वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया था। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार स्पीकर का चैंबर सदन का ही हिस्सा है और यहां वीडियो नहीं बनाया जा सकता।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।