ट्रंप की ईरान को सख्त चेतावनी, कहा- डील नहीं तो भुगतने होंगे दर्दनाक नतीजे, अप्रैल में करेंगे चीन का दौरा

वॉशिंगटन, एजेंसी। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने एक साथ दो बड़े अंतरराष्ट्रीय संकेत दिए हैं। एक तरफ उन्होंने ईरान को परमाणु समझौते पर चेतावनी दी है, तो दूसरी ओर चीन के साथ रिश्तों को मजबूत बताया है। ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ समझौता जरूरी है, वरना हालात बहुत खराब हो सकते हैं। साथ ही उन्होंने इस्राइल के प्रधानमंत्री के साथ अपनी हालिया बैठक को सकारात्मक बताया और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से होने वाली मुलाकात की भी जानकारी दी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ईरान के साथ समझौता करना चाहता है, ताकि टकराव की स्थिति न बने। उन्होंने साफ कहा कि अगर डील नहीं हुई तो हालात बहुत दर्दनाक हो सकते हैं। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि वह तनाव नहीं चाहते, लेकिन बिना समझौते के स्थिति अलग दिशा में जा सकती है। उनका बयान ऐसे समय आया है जब ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर तनाव बना हुआ है।
नेतन्याहू संग बैठक का जिक्र
ट्रंप ने बताया कि उनकी इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ हाल ही में अच्छी बैठक हुई। उन्होंने इसे बहुत उपयोगी बातचीत बताया। माना जा रहा है कि इस बैठक में ईरान, क्षेत्रीय सुरक्षा और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा हुई। ट्रंप के बयान से संकेत मिला कि इस्राइल और अमेरिका इस मुद्दे पर करीबी तालमेल में हैं।
चीन दौरे का ऐलान
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि वह अप्रैल में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलने जाएंगे। उन्होंने बताया कि शी जिनपिंग भी इस साल बाद में अमेरिका आएंगे। ट्रंप ने कहा कि इस समय अमेरिका और चीन के संबंध अच्छे हैं और वह इसे आगे बढ़ाना चाहते हैं। दोनों देशों के बीच व्यापार, तकनीक और सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार बातचीत चल रही है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular