लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ सिंगापुर दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन सोमवार को उन्होंने कई विदेशी निवेशकों और कॉरपोरेट प्रतिनिधियों के साथ बैठकें कीं। साथ ही यूपी में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी के विविध आयामों पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने सिंगापुर की अग्रणी निवेश कंपनी टेमासेक होल्डिंग्स के चेयरमैन टियो ची हीन (Teo Chee Hean) और उनकी टीम से भी मुलाकात की। टेमासेक के वैश्विक निवेश पोर्टफोलियो और यूपी में निवेश पर चर्चा की। साथ ही टेमासेक को यूपी में अवसंरचना, लॉजिस्टिक्स, स्वास्थ्य, वेयरहाउसिंग, फिनटेक आधारित शहरी विकास व अन्य सम्बद्ध क्षेत्रों में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
स्वास्थ्य एवं औद्योगिक अवसंरचना को मिलेगी गति
इस दौरान टेमासेक की पोर्टफोलियो कंपनी मनिपाल हॉस्पिटल्स (Manipal Hospitals) द्वारा गाजियाबाद में लगभग 500 करोड़ रुपये के निवेश तथा असेंडास (Ascendas) द्वारा राज्य में लॉजिस्टिक्स एवं वेयरहाउसिंग सुविधाओं के विकास हेतु करीब 500 करोड़ रुपये के निवेश से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। यह निवेश प्रदेश में स्वास्थ्य एवं औद्योगिक अवसंरचना को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
डाटा सेंटर, कौशल विकास समेत अन्य सेक्टर्स में निवेश पर बनी सहमति
बैठक में दोनों पक्षों ने डेटा सेंटर और कौशल विकास जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं को तलाशने पर सहमति व्यक्त की। यह सहयोग यूपी की भविष्य उन्मुख अवसंरचना के निर्माण तथा व्यापक रोजगार सृजन की परिकल्पना के अनुरूप होगा। इससे राज्य को तकनीकी रूप से सशक्त और आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने में सहायता मिलेगी।

