लेटेस्ट न्यूज़
24 Feb 2026, Tue

टी-20 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार 5वां मुकाबला हारी श्रीलंका, ये बने रिकॉर्ड्स

नईदिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 के 42वें मुकाबले में इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका क्रिकेट टीम को 51 रन से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में श्रीलंका के खिलाफ लगातार 5वीं बार जीत दर्ज की। श्रीलंका आखिरी बार साल 2012 में इंग्लैंड को हराने में सफल रही थी। उसके बाद दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी मुकाबलों में इंग्लैंड का दबदबा कायम रहा। आइए मैच के रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। फिलिप सॉल्ट ने 62 रन की पारी खेली। उनके अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और इंग्लैंड की टीम 146/9 का स्कोर बना सकी। गेंदबाजी में दुनिथ वेल्लालागे ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। जवाब में श्रीलंका की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पूरी टीम महज 95 रन पर सिमट गई। विल जैक्स ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।
सॉल्ट ने 40 गेंदों का सामना किया और 62 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 2 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 155 की रही। यह उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 8वां और श्रीलंकाई टीम के खिलाफ पहला ही अर्धशतक रहा, जिसे उन्होंने 36 गेंदों में पूरा किया। यह उनके टी-20 विश्व कप करियर का दूसरा अर्धशतक रहा। उन्होंने 57 मैच खेले हैं, जिसकी 53 पारियों में 36.38 की औसत से 1,710 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इंग्लैंड के जैक्स पॉवरप्ले में गेंदबाजी करने आए और उन्होंने श्रीलंका के शीर्षक्रम की कमर तोड़ दी। इस खिलाड़ी ने 4 ओवर गेंदबाजी की और सिर्फ 22 रन खर्च करते हुए 3 विकेट हासिल किए। उनकी इकॉनमी रेट 5.50 की रही। उन्होंने कुसल मेंडिस (4), पवन रत्नायके (0) और वेल्लालागे (10) को अपना शिकार बनाया। इस खिलाड़ी ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय में अब तक 37 मुकाबले खेले हैं और 12 विकेट लेने में सफल रहे हैं।
इंग्लैंड के अन्य गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया और श्रीलंका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। जोफ्रा आर्चर ने 3 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके और उनकी इकॉनमी 6.70 की रही। लियाम डॉसन ने सिर्फ 27 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, उनकी इकॉनमी 6.80 रही। वहीं आदिल राशिद ने 3.4 ओवर में महज 13 रन देकर 2 विकेट चटकाए और 3.50 की शानदार इकॉनमी दर्ज की। जेमी ओवरटन ने भी 1 विकेट लिया।
जैक्स को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। इसके साथ ही वह इंग्लैंड के लिए टी-20 विश्व कप में संयुक्त रूप से सबसे अधिक बार यह पुरस्कार जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने सभी “प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड इसी विश्व कप में जीते हैं। उनके अलावा केविन पीटरसन, ल्यूक राइट, राशिद और जोस बटलर भी 3-3 बार यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। मैच में जैक्स के बल्ले से 21 रन भी निकले।
इंग्लैंड ने लगातार 12वें टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में श्रीलंका को हराया। पिछले 10 सालों में श्रीलंका इंग्लैंड के खिलाफ एक भी टी-20 मैच जीतने में सफल नहीं हो पाई है। इंग्लैंड ने इस मैच में अपना चौथा सबसे छोटा लक्ष्य भी सफलतापूर्वक डिफेंड किया।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।