नई दिल्ली। भाजपा के लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी देश-विरोधी और विदेशी ताकतों के कहने पर काम कर रहे हैं। ठाकुर का यह बयान हाल ही में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए हंगामे के बाद आया है।
मामले में कुछ दिन पहले नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट हो रहा था, जिसमें देश विदेश की कई बड़ी हस्तियों और नेताओं ने हिस्सा लिया था। वहां यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने घुसकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारी, महंगाई और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए थे।
क्या बोले भाजपा नेता?
इस प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी देश की छवि खराब कर रहे हैं। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, राहुल गांधी देश-विरोधी ताकतों के प्रवक्ता बन गए हैं। वे भारत-विरोधी एजेंडा चलाते हैं और नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा देते हैं। उनका एकमात्र काम झूठ बोलना, डर फैलाना, भारत को बदनाम करना और पीएम मोदी को गाली देना है। ठाकुर ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी भारत की आर्थिक उपलब्धियों को कम करके दिखाते हैं। उन्होंने कहा, जब भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढ़ रही है, तो वे इसे मरी हुई बताते हैं। एआई समिट की दुनिया भर में तारीफ हो रही है, लेकिन वहां बेशर्मी से प्रदर्शन किया गया और अभद्र व्यवहार दिखाया गया।
भाजपा नेता ने उठाया गंभीर सवाल
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी की राजनीति विदेशों से प्रभावित हो रही है। उन्होंने पूछा, क्या कांग्रेस अब अंकल सैम और जॉर्ज सोरोस के इशारे पर चल रही है? क्या वे भारत के दुश्मन देशों का समर्थन कर रहे हैं? उन्होंने राजीव गांधी फाउंडेशन का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस डोनेशन लेती है और फिर चीन की तारीफ करती है। ठाकुर ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या राहुल लोकसभा में विपक्ष के नेता हैं या भारत के ही विपक्ष के नेता हैं? अनुराग ठाकुर ने चार फरवरी को लोकसभा में हुई घटना की भी याद दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सांसदों ने प्रधानमंत्री की सीट के पास जाकर सदन की कार्यवाही रोकी थी। उन्होंने पूछा, महिला सांसदों को संसद में भेजना और प्रधानमंत्री की सीट को घेरना; राहुल गांधी यह किस तरह की राजनीति करते हैं?
देश से मांगे माफी
ठाकुर ने कहा भाजपा, पीएम मोदी और अब भारत का विरोध यह राहुल गांधी का एजेंडा बन गया है। वह भारत की संवैधानिक संस्थाओं और नागरिकों से नफरत करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का भारत-विरोधी प्रोपेगेंडा फेल हो गया है और आगे भी फेल होगा। अंत में उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी को अपने व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
अनुराग ठाकुर का राहुल गांधी पर हमला: बोले- विदेशी ताकतों के इशारे पर चल रही कांग्रेस, देश से माफी मांगें

