टी-20 विश्व कप 2026: शिमरोन हेटमायर ने वेस्टइंडीज की ओर से लगाया सबसे तेज अर्धशतक

नई दिल्ली। टी-20 विश्व कप 2026 के 44वें मैच में वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के शिमरोन हेटमायर ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ तेज अर्धशतकीय पारी (85) खेली। वह वेस्टइंडीज की ओर से टी-20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक (19 गेंद) लगाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने अपने ही पिछले रिकॉर्ड में सुधार किया। इस बीच उन्होंने रोवमैन पॉवेल के साथ मिलकर 122 रन की साझेदारी भी की। आइए उनकी पारी पर एक नजर डालते हैं।
हेटमायर को 9 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर जीवनदान मिला। मुजरबानी की गेंद पर मुसेकिवा ने हेटमायर का कैच छोड़ा। उन्होंने जीवनदान का भरपूर फायदा उठाया और शुरुआती पावरप्ले में रिचर्ड नगारवा के ओवर में 4 चौके लगाते हुए अपने आक्रामक इरादे जाहिर किए। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा किया। मुसेकिवा ने 70 के स्कोर पर फिर से हेटमायर का कैच छोड़ा। आखिरकार वह 34 गेंदों में 85 रन (चौके-7, छक्के-7) बनाकर आउट हुए।
हेटमायर ने टी-20 विश्व कप में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में अपना ही पिछला (22 गेंद बनाम स्कॉटलैंड, 2026) सुधारा। इस टूर्नामेंट के इतिहास में हेटमायर से तेज अर्धशतक युवराज सिंह (12 गेंद बनाम इंग्लैंड, 2007), स्टीफन मायबर्ग (17 गेंद बनाम आयरलैंड, 2014), मार्कस स्टोइनिस (17 गेंद बनाम श्रीलंका, 2022) ग्लेन मैक्सवेल (18 गेंद बनाम पाकिस्तान, ,2014), केएल राहुलकेएल राहुल (18 गेंद बनाम स्कॉटलैंड, 2021) और शोएब मलिक (18 गेंद बनाम स्कॉटलैंड, 2021) ने लगाए हैं।
हेटमायर शानदार फॉर्म में चल रहे हैं। यह टी-20 विश्व कप 2026 में उनके बल्ले से निकलने वाली दूसरी 50+ रन की पारी रही। उन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक 5 पारियों में 54.75 की औसत और 185.59 की स्ट्राइक रेट के साथ 200 से अधिक रन बनाए हैं। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ 64 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा नेपाल के विरुद्ध उन्होंने नाबाद 46 रन बनाए थे।
2018 को न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ माउंट माउंगानुई में टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले हेटमायर ने अब तक 80 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 70 पारियों में उन्होंने लगभग 25 की औसत के साथ 1,500 से अधिक रन बनाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर 85 रन रहा है और उन्होंने 9 अर्धशतक लगाए हैं। वह वेस्टइंडीज की ओर से इस प्रारूप में फिलहाल 9वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular