एक साथ चार विधानसभाओं से शुरू होगी भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’, अमित शाह दिखाएंगे हरी झंडी

कोलकाता, एजेंसी। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राज्यभर में ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालने की तैयारी तेज कर दी है। पार्टी के मुताबिक, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 मार्च को इस यात्रा को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाएंगे। प्रदेश भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार, अमित शाह 1 मार्च को रात करीब 10 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद वे प्रदेश नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे।

अनुमति को लेकर विवाद, हाईकोर्ट में याचिका
इधर, राज्य पुलिस ने परिवर्तन यात्रा के लिए अनुमति नहीं दी है। इसके बाद भाजपा ने कलकत्ता हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। पार्टी ने 22 फरवरी को संबंधित थानों में अनुमति के लिए आवेदन दिया था, लेकिन मंजूरी नहीं मिलने पर अदालत में याचिका दायर की गई। सूत्रों के अनुसार, जस्टिस शुभ्रा घोष की अदालत में मामले की सुनवाई होने की संभावना है। भाजपा का कहना है कि वह कानूनी प्रक्रिया के तहत अनुमति हासिल कर कार्यक्रम को सफल बनाएगी। राज्य की सियासत में इस घोषणा के बाद हलचल तेज हो गई है। अब सबकी नजरें अदालत के फैसले और अमित शाह के प्रस्तावित दौरे पर टिकी हैं।
रायदिघी से औपचारिक शुरुआत
भाजपा नेताओं के अनुसार, 2 मार्च की सुबह दक्षिण 24 परगना जिले के रायदिघी विधानसभा क्षेत्र से परिवर्तन यात्रा का औपचारिक शुभारंभ होगा। यहां अमित शाह कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करेंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसी दिन राज्य के चार अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चार समानांतर परिवर्तन यात्राएं एक साथ शुरू की जाएंगी। इनमें—

  • कूचबिहार जिले का कूचबिहार दक्षिण,
  • नदिया जिले का कृष्णनगर दक्षिण,
  • पश्चिम बर्दवान जिले का कुल्टी,
  • पश्चिम मेदिनीपुर जिले का गरबेता शामिल हैं।
    भाजपा का दावा है कि ये यात्राएं राज्य के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए जनता तक “परिवर्तन का संदेश” पहुंचाएंगी।
Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular