काबुल। अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच डूरंड लाइन पर पिछले पांच दिनों से जंग जारी है। इस बीच अफगान सेना ने पाकिस्तानी वायुसेना के हवाई हमलों का कड़ा जवाब देते हुए पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों पर जवाबी हमले किए हैं। अफगान रक्षा मंत्रालय ने जानकारी दी है कि उनकी सेना ने 2,600 किलोमीटर लंबी सीमा के पास कई जरूरी पाकिस्तानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इन हमलों में काबुल से जुड़े इलाके, खोस्त का अली-शेर जिला, जलालाबाद और कंधार के सीमावर्ती क्षेत्र शामिल हैं। दोनों देशों के बीच यह तनाव तब और बढ़ गया जब पाकिस्तान ने 21-22 फरवरी को अफगानिस्तान के अंदर कथित आतंकी कैंपों पर हमले किए थे। इसके जवाब में अफगान सेना ने आक्रामक रुख अपनाया है। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, उनकी सेना ने कंधार प्रांत के स्पिन बोल्डक और शोराबक जिलों में कई पाकिस्तानी सैन्य चौकियों को अपने नियंत्रण में ले लिया है। स्पिन बोल्डक में तीन चौकियों पर कब्जा करने के दौरान तीन पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और एक सैनिक को अफगान सेना ने पकड़ लिया। इसके अलावा, अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने बताया कि अली-शेर जिले में भी दो पाकिस्तानी पोस्ट अब अफगान सेना के कब्जे में हैं।
अभी भी नहीं टला है खतरा
पिछले चार दिनों से दोनों तरफ की सेनाएं एक-दूसरे के ठिकानों पर भारी गोलाबारी कर रही हैं। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि टकराव के शुरुआती दौर के मुकाबले अब लड़ाई की तेजी थोड़ी कम हुई है, लेकिन खतरा टला नहीं है। यह दुश्मनी पिछले महीने तब शुरू हुई थी जब पाकिस्तान ने अफगान सीमा के अंदर आतंकवादियों को निशाना बनाने का दावा किया था। इसके तुरंत बाद तालिबान के नेतृत्व वाली अफगान सेना ने जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी।
बख्तरबंद टैंक किए नष्ट
सोमवार को अफगान रक्षा मंत्रालय ने एक और बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पक्तिका प्रांत में अफगान सैनिकों ने पाकिस्तान का एक बख्तरबंद टैंक नष्ट कर दिया है। यह टैंक अफगान इलाके की तरफ अंधाधुंध गोले बरसा रहा था। मंत्रालय के प्रवक्ता इनायतुल्लाह खोवाराजमी ने दावा किया कि अफगान सैनिकों ने अब तक 100 से ज्यादा पाकिस्तानी लोगों को मार गिराया है और 25 से ज्यादा सैन्य चौकियों पर अपना झंडा फहरा दिया है। अफगान पुलिस ने यह भी जानकारी दी कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने काबुल के पास स्थित बगराम एयर बेस पर बमबारी करने की कोशिश की थी। अफगान एयर डिफेस सिस्टम ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस हमले को नाकाम कर दिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बगराम एयर बेस पहले अमेरिकी सेना का सबसे बड़ा केंद्र हुआ करता था।
अफगानिस्तान का पाकिस्तान पर बड़ा हमला: 25 से ज्यादा चौकियों कब्जाईं, 100 से अधिक सैनिक ढेर करने का दावा

