लेटेस्ट न्यूज़
27 Mar 2026, Fri

बोमन ईरानी को भारी पड़ा ईरान की स्थिति पर मजाक, मंदाना करीमी ने आड़े हाथों लिया; बोलीं- ‘जब ईरानी मर रहे थे…’

इन दिनों पश्चिमी एशिया में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध जैसी स्थिति बनी हुई है। शांति वार्ता को लेकर भी बातें सामने आई थीं। इसी बीच बॉलीवुड एक्टर बोमन ईरानी ने ट्रंप पर तंज कसा। इस तंज को लेकर एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने बोमन ईरानी को खरी-खोटी सुनाई है। जानिए, मंदाना करीमी ने क्या कहा?
गुरुवार को एक्टर बोमन ईरानी ने ट्रंप पर तंज कसा था। दरअसल, खबर थी कि ईरान युद्ध के बीच वह शांति वार्ता कर सकते हैं। कई सेलेब्स ने बोमन के सेंस ऑफ ह्यूमर को सराहा लेकिन उनकी ही पोस्ट पर ईरानी मूल की बॉलीवुड एक्ट्रेस मंदाना करीमी ने अपना गुस्सा जाहिर किया। वह बोमन की पोस्ट पर कमेंट लिखती हैं, ‘बोमन ईरानी सर, अचानक आपके पास ईरान के बारे में कहने के लिए बहुत कुछ है। समय भी बड़ा दिलचस्प है। कई साल से ईरानियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, उन्हें फांसी दी जा रही है, उनकी आवाज दबाई जा रही है। हजारों लोग मारे गए। परिवार बिखर गए। मेरे जैसे लोगों ने यह सब जिया है। हमने इसके बारे में बात की है।’
मंदाना आगे कमेंट में लिखती हैं, ‘लेकिन अब एक वीडियो आया है। अब चिंता जाहिर की जा रही है। अब गैस, ट्रंप और ‘मेरे घर आओ’ जैसे सब्जेक्ट पर मजाक किया जा रहा है। सर, पूरे आदर के साथ कह रही हूं कि आप और पारसी समुदाय ईरान से ही आए हैं। आप उस इतिहास को अपने साथ लेकर चलते हैं। उस आग को अपने साथ लेकर चलते हैं। तो जब ईरानी मर रहे थे, तब यह आवाज कहां थी? और अब अचानक सिर्फ इसलिए कि इसका असर गैस, राजनीति और वैश्विक बातचीत पर पड़ रहा है, आप इस पर टिप्पणी कर रहे हैं? चुप्पी से लेकर व्यंग्य तक यह बदलाव बहुत तेजी से आया।’ इस तरह मंदाना करीमी ने बोमन ईरानी को करारा जवाब दिया है।
बोमन ईरानी ने अपनी पोस्ट में क्या कहा था?
गुरुवार को एक इंस्टाग्राम वीडियो में बोमन ने कहा था, ‘जैसा कि आप जानते होंगे, यह खबर वायरल हो रही है कि डोनाल्ड ट्रंप ईरानियों से बात करना चाहते हैं, तीन लोगों से इस मामले पर बातचीत हो रही है। स्मृति ईरानी के साथ, अरुणा ईरानी के साथ और मैं यानी बोमन ईरानी भी इसमें शामिल हूं। मैं शांति के लिए कुछ भी करने को तैयार हूं। मेरी बस एक ही समस्या है, मैं वाशिंगटन तक नहीं जाऊंगा। अगर ट्रंप और उनका डेलिगेशन मुंबई में, खासकर दादर पारसी कॉलोनी आ जाएं तो सबसे अच्छा होगा। हम उन्हें खाना खिलाएंगे, धनसक और कस्टर्ड खिलाएंगे। लेकिन अगर वो गैस सिलेंडर ले आएं तो हम सबकी जिंदगी बहुत आसान हो जाएगी।’ बोमन ने मौजूद अमेरिका और ईरानी युद्ध के कारण गैस सिलिंडर की दिक्कतों की तरफ फैंस का ध्यान आकर्षिक किया था।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।