लेटेस्ट न्यूज़
8 Apr 2026, Wed

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने डोनाल्ड ट्रंप से की मुलाकात, कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा

वॉशिंगटन, एजेंसी। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर इन दिनों अमेरिका में हैं। मंगलवार रात उन्होंने व्हाइट हाउस में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ डिनर किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अमेरिका-भारत संबंधों पर चर्चा की। सर्जियो गोर ने इस मुलाकात को बहुत यादगार बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा ‘राष्ट्रपति ट्रंप के साथ रात्रिभोज का अनुभव शानदार रहा। हमने वैश्विक स्थिरता लाने के उनके अटूट संकल्प, उनके राष्ट्रपति कार्यकाल की ऐतिहासिक उपलब्धियों, भारत-अमेरिका संबंधों के उज्ज्वल भविष्य और कई अन्य विषयों पर चर्चा की! इतिहास को अपनी आंखों के सामने घटते हुए देखना एक बेहद यादगार शाम थी’
वाणिज्य सचिव से हुई भी मुलाकात
इससे पहले सर्जियो गोर ने अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक से भी मुलाकात की। इस बैठक में दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ाने के रोडमैप पर बात हुई। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में सहयोग के लिए एक नए समझौते (MoU) पर चर्चा की। इसके अलावा, भारतीय दवा कंपनियों के अमेरिका में निवेश को लेकर भी बातचीत हुई। इससे बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और सामान की सप्लाई चेन मजबूत होगी। गोर ने भारतीय कंपनियों को आने वाले ‘SelectUSA’ समिट में हिस्सा लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
गोर काश पटेल की तारीफ की
सर्जियो गोर ने एफबीआई के निदेशक काश पटेल से भी मुलाकात की। उन्होंने साइबर अपराध, नशीली दवाओं की तस्करी और अवैध नेटवर्क जैसे अंतरराष्ट्रीय खतरों से निपटने के लिए आपसी सहयोग पर चर्चा की। गोर ने सुरक्षा के मामले में काश पटेल के काम की सराहना की। उन्होंने बताया कि काश पटेल के नेतृत्व में अमेरिका में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है। साल 2025 में हिंसक अपराधों में गिरफ्तारियां 112 प्रतिशत बढ़ी हैं, जबकि हत्या और लूटपाट की घटनाओं में 20 प्रतिशत की कमी आई है।
सर्जियो गोर ने जेडी वेंस से भी की मुलाकात
अपनी वाशिंगटन यात्रा के दौरान सर्जियो गोर ने अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से भी मुलाकात की। उन्होंने वेंस के साथ भारत और अमेरिका के संबंधों को और बेहतर बनाने पर विचार-विमर्श किया। राजदूत की इन मुलाकातों से साफ है कि आने वाले समय में दोनों देशों के बीच सहयोग और गहरा होगा।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।