लेबनान और इजरायल के बीच अगले हफ्ते शांति वार्ता, अमेरिका करेगा मेजबानी


बेरूत/यरूशलम। पश्चिम एशिया संकट के बीच लगातार बैठकों के दौर जारी हैं। एक तरफ इस्लामाबाद में कल ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता होने जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ अगले हफ्ते अमेरिका में लेबनान और इजरायल के बीच भी अहम बैठक हो रही है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि वो अगले हफ्ते वॉशिंगटन में इजरायल और लेबनान के बीच वार्ता की मेजबानी करेगा। लेबनान पर लगातार हो रहे इजरायली हमलों के बीच ये घटनाक्रम अहम है।
एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विदेश विभाग अगले हफ्ते इजरायल और लेबनान के साथ चल रही युद्धविराम वार्ता पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित करेगा। कई इजरायली रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर वार्ता में इजरायली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर सकते हैं। हालांकि, अभी लेबनानी प्रतिनिधिमंडल के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।
लेबनान ने वॉशिंगटन में होने वाली बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है, ताकि संघर्ष-विराम पर चर्चा की जा सके। लेबनान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि बैठक की तारीख अभी तक तय नहीं हुई है। अधिकारी ने कहा, लेबनान का रुख यह है कि इजरायल के साथ किसी व्यापक समझौते तक पहुंचने के लिए आगे की बातचीत शुरू करने से पहले संघर्ष-विराम एक अनिवार्य शर्त है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को बताया था कि उन्होंने अधिकारियों को लेबनान के साथ सीधी बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने जितनी जल्दी हो सके बातचीत का आदेश दिया है और कहा कि वार्ता में हिज्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण और इजरायल और लेबनान के बीच शांति संबंध स्थापित करने पर चर्चा की जाएगी। नेतन्याहू के बयान के बाद ही बैठक की जानकारी सामने आई है।
गुरुवार देर रात इजरायली सेना ने कहा कि उसने लेबनान में हिजबुल्लाह के रॉकेट प्रक्षेपण स्थलों को निशाना बनाना शुरू किया है। आज भी इजरायल ने लेबनान पर हमले किए हैं, जिनमें कम से कम 2 लोगों की मौत हुई है। इजरायली सेना ने एंबुलेंस पर हमला करने की धमकी दी है और कहा कि इनका इस्तेमाल हिज्बुल्लाह कर रहा है। बता दें कि लेबनान में अब तक 1,500 लोगों की मौत हो गई है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular