नई दिल्ली। बॉलीवुड की ‘क्वीन’ और भारतीय जनता पार्टी की तेजतर्रार सांसद कंगना रनौत हमेशा अपने बेबाक बयानों के लिए सुर्खियों में रहती हैं। अब उन्होंने केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के सुप्रीमो चिराग पासवान के साथ अपने रिश्तों को लेकर चल रही तमाम अटकलों और अफवाहों पर खुलकर विराम लगा दिया है। कंगना ने चिराग के साथ अफेयर की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए ऐसा मजेदार जवाब दिया, जिसकी हर तरफ भारी चर्चा हो रही है। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी तीखा तंज कसा।
‘दस साल से दोस्त हैं, अफेयर होता तो बच्चे हो जाते’
संसद भवन के बाहर और अंदर चिराग पासवान के साथ अपनी बॉन्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियोज पर बात करते हुए कंगना ने साफ किया कि उनके बीच ऐसा कुछ भी नहीं है। एक्ट्रेस ने कहा कि वह चिराग को पिछले दस सालों से जानती हैं और वे दोनों बहुत अच्छे दोस्त हैं। अफेयर की खबरों को नकारते हुए कंगना ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर उनके बीच कोई रोमांस होता, तो अब तक उनके बच्चे भी हो गए होते। कंगना के इस बेबाक जवाब ने सोशल मीडिया पर चल रही सभी गॉसिप्स की हवा निकाल दी है।
राहुल गांधी के ‘ताज‘ पर तंज और पीएम मोदी की तारीफ
इस इंटरव्यू के दौरान जब राहुल गांधी को लेकर सवाल पूछा गया, तो कंगना ने अपने चिर-परिचित अंदाज में चुटकी ली। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि वह राहुल गांधी के सिर पर बेवजह ऐसा कोई ‘ताज’ नहीं पहना सकतीं, जिसके वह असल में हकदार ही नहीं हैं। वहीं, दूसरी ओर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। महिला आरक्षण बिल का जिक्र करते हुए कंगना ने कहा कि पीएम मोदी का व्यक्तित्व और उनकी नीतियां पूरी तरह समानता पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए कोई भी नेता महिला वोटरों को खुश क्यों नहीं करना चाहेगा।
संसद में अब रास्ता बदल लेते हैं चिराग
गौरतलब है कि कंगना रनौत और चिराग पासवान ने साल 2011 में आई बॉलीवुड फिल्म ‘मिले ना मिले हमÓ में एक साथ स्क्रीन शेयर की थी। यह फिल्म चिराग की पहली और आखिरी फिल्म साबित हुई थी, जिसके फ्लॉप होने के बाद उन्होंने राजनीति का रुख कर लिया था। 2024 के लोकसभा चुनावों में दोनों नेताओं की शानदार जीत के बाद जब वे संसद में मिले, तो उनकी हंसी-मजाक की तस्वीरें जमकर वायरल हुई थीं। इससे पहले अपनी फिल्म ‘इमरजेंसीÓ के प्रमोशन के दौरान भी कंगना ने हंसते हुए मीडिया से कहा था, प्लीज कम से कम संसद में तो हमें बख्श दीजिए। कंगना ने चुटकी लेते हुए बताया था कि लोग सिर्फ इसलिए उनके पीछे पड़े हैं क्योंकि चिराग ने उन्हें कुछ बार हंसा दिया था और अब हालत यह है कि अफवाहों के डर से चिराग उन्हें देखते ही अपना रास्ता बदल लेते हैं।

