वेनेजुएला में अमेरिकी प्रतिबंधों के खिलाफ आंदोलन तेज, देशभर में निकाली जा रहीं है रैलियां और मार्च

काराकास, एजेंसी। वेनेजुएला में अमेरिका के आर्थिक प्रतिबंधों के खिलाफ बड़ा आंदोलन तेज हो गया है। देशभर में रैलियां और मार्च निकाले जा रहे हैं, जिनका मकसद अमेरिका से लगे प्रतिबंध हटवाना है। इस अभियान का नेतृत्व नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज कर रहे हैं।
सोमवार को सैन फेलिक्स के सेरो एल गैलो में आयोजित रैली में रोड्रिगेज ने कहा, ‘हमें प्रतिबंधों को समाप्त करना होगा।’ उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आम सहमति बनाना और आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने के लिए दबाव बनाना है, और वेनेजुएलावासियों से मतभेदों को भुलाकर साझा हितों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया।
यह राष्ट्रीय आंदोलन 19 अप्रैल से शुरू हुआ था, जिसकी शुरुआत कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने की। इसके तहत ज़ुलिया, ताचिरा और अमेजोनास जैसे कई राज्यों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। डेल्सी रोड्रिगेज ने कहा कि पिछले लगभग 10 वर्षों से लगे प्रतिबंधों का सबसे ज्यादा असर आम जनता, खासकर बच्चों पर पड़ा है। उनके मुताबिक, इस दौरान पैदा हुए लाखों बच्चों को बुनियादी सुविधाओं और बेहतर जीवन के मौके नहीं मिल पाए। यह अभियान पूरे देश में रैलियों, सभाओं और जनसभाओं के रूप में चल रहा है और इसका समापन 1 मई को राजधानी काराकास में एक बड़ी रैली के साथ होगा।
अमेरिका ने डेल्सी रोड्रिगेज पर लगे कुछ प्रतिबंध हटाए
इसी बीच, अमेरिका और वेनेजुएला के रिश्तों में कुछ नरमी भी देखने को मिली है। हाल ही में अमेरिका ने डेल्सी रोड्रिगेज पर लगे कुछ प्रतिबंध हटा दिए हैं, जिसे उन्होंने दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने की दिशा में सकारात्मक कदम बताया। वेनेजुएला में यह आंदोलन सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि आर्थिक और सामाजिक मुद्दों से भी जुड़ा है। सरकार इसे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम मान रही है, जबकि अमेरिका के साथ रिश्ते अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular