लेटेस्ट न्यूज़
1 Aug 2026, Sat

पाकिस्तान: लयारी में गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

इस्लामाबाद, एजेंसी। पाकिस्तान के कराची स्थित लयारी इलाके में गुरुवार शाम गैंगस्टर उजैर बलोच के भाई जुबैर बलोच पर अज्ञात हमलावरों ने गोलीबारी कर दी। गंभीर रूप से घायल जुबैर को सीने और पेट में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें कराची के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हमले में दो राहगीर भी घायल हुए हैं।

पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने जुबैर पर उस समय फायरिंग की, जब वह अपने घर के बाहर मौजूद था। जवाबी फायरिंग के बाद हमलावर चेहरे ढककर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

सीनियर पुलिस अधिकारी सैयद असद रजा ने बताया कि शुरुआती जांच में गैंगवार, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। बताया जा रहा है कि जुबैर बलोच को वर्ष 2012 में गिरफ्तार किया गया था और जनवरी 2025 में रिहा किया गया था।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रिहाई के बाद जुबैर ने एक राजनीतिक दल का दामन थाम लिया था और हाल के महीनों में इलाके में पार्टी की गतिविधियों में भी सक्रिय दिखाई दे रहा था। इसी बीच यह भी चर्चा है कि कराची ऑपरेशन के बाद विदेश भागे कुछ गैंगस्टर हाल के महीनों में वापस लौटे हैं, जिससे लयारी में एक बार फिर गैंगवार की आशंका जताई जा रही है।

2012 में लयारी बना था बड़े पुलिस अभियान का केंद्र

लयारी कभी कराची के सबसे संवेदनशील इलाकों में गिना जाता था। वर्ष 2012 में पाकिस्तान पुलिस ने यहां अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया था, जिसे “ग्रैंड ऑपरेशन” कहा गया। पांच दिनों से अधिक चले इस अभियान में छह पुलिसकर्मियों समेत 20 लोगों की मौत हुई थी, जबकि करीब 150 परिवारों को इलाका छोड़ना पड़ा था।

उजैर बलोच पर दर्ज हैं कई गंभीर मामले

उजैर बलोच पाकिस्तान की पीपुल्स अमन कमेटी का प्रमुख रहा है और वर्तमान में जेल में बंद है। उसके खिलाफ हत्या, पुलिस पर हमला, विस्फोटक रखने और अन्य गंभीर आरोपों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। मार्च 2026 में आतंकवाद विरोधी अदालत ने सात मामलों में उसकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। इससे पहले अप्रैल 2020 में जासूसी के मामले में उसे 12 साल की सजा सुनाई गई थी।

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।