लेटेस्ट न्यूज़
3 Aug 2026, Mon

रूस की राजधानी मॉस्को के रेस्टोरेंट में धमाका, 3 लोगों की मौत, कम से कम 21 घायल

मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को के एक रेस्टोरेंट में धमाके की खबर है, बताया जा रहा है कि इस धमाके में तीन लोगों की मौत हुई है. जबकि कम से कम 21  लोग घायल हुए हैं. रूसी अधिकारियों के मुताबिक, ये धमाका शनिवार को मध्य मॉस्को के एक रेस्टोरेंट में हुआ. इस बम धमाके में संदिग्ध बॉम्बर समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 21 अन्य घायल हो गए हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, रूस की नेशनल एंटी-टेररिज्म कमिटी ने बताया कि ये धमाका कुद्रिन्स्काया स्क्वायर पर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुआ. अधिकारियों ने कहा कि इस धमाके को बम विस्फोट माना जा रहा है और इसकी जांच चल रही है.
रेस्टोरेंट की आधिकारिक वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, धमाके के समय रेस्टोरेंट आम जनता के लिए खुला नहीं था, क्योंकि वहां एक प्राइवेट बैंक्वेट (प्राइवेट पार्टी) का आयोजन हो रहा था. इसी दौरान एक महिला ने रेस्टोरेंट में घुसने की कोशिश की. इसी दौरान धमाका हो गया.
के मुताबिक, एक अज्ञात महिला ने कथित तौर पर रेस्तरां के अंदर विस्फोटक उपकरण ले जाने की कोशिश की. एक सुरक्षा गार्ड ने उसे अंदर जाने से रोका, जिसके बाद वह उपकरण फट गया.
सूत्रों ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि विस्फोट में विस्फोटक ले जा रही महिला, सुरक्षा गार्ड और रेस्तरां का एक ग्राहक मारा गया. मॉस्को इन्वेस्टिगेटिव कमेटी ने आरआईए नोवोस्ती को बताया, हमले की अभी भी जांच की जा रही है.
सूत्रों ने गृह मंत्रालय के मुख्य निदेशालय का हवाला देते हुए बताया कि धमाका स्थानीय समयानुसार रात करीब 8:10 बजे कुद्रिन्स्काया स्क्वायर पर बिल्डिंग 1 के आउटडोर टेरेस के पास, बाल्जी रॉसी रेस्टोरेंट के एंट्री गेट के पास हुआ. धमाके के बाद, जांचकर्ताओं और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों ने इलाके की घेराबंदी कर दी और धमाके की वजह का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी.
यह घटना स्टालिन के दौर की एक मशहूर इमारत में हुई, जो मॉस्को की मशहूर सेवन सिस्टर्स गगनचुंबी इमारतों का हिस्सा है. 1950 के दशक में बनी यह रिहायशी इमारत शहर के सेंट्रल प्रेस्नेन्स्की जिले में गार्डन रिंग पर स्थित है. बाल्ज़ी रॉसी रेस्टोरेंट इसी इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर चलता है. धमाके के बाद, बाल्जी रॉसी के हेड शेफ कारमाइन अल्फिएरी ने कहा कि रेस्टोरेंट का स्टाफ सुरक्षित है और उन्होंने नुकसान के बारे में लोगों को भरोसा दिलाने की कोशिश की.
ल्फिएरी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, हम सब ठीक हैं और हमारा रेस्टोरेंट और किचन बिल्कुल सही हालत में हैं; बस रेस्टोरेंट के एंट्री गेट पर एक छोटी सी दिक्कत हुई थी. हालांकि उन्होंने इसके बारे में और कोई जानकारी नहीं दी.
वहीं रूसी राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक समिति ने पुष्टि की है कि ये धमाका इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) से किया गया. अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह आशंका भी सामने आई है कि विस्फोटक को संभवत दूर से सक्रिय किया गया. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि महिला इस साजिश में शामिल थी या उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी. क्योंकि महिला जिस पैकेज को वह लेकर जा रही थी उसी में विस्फोटक रखा गया था.
बताया जा रहा है कि ये हमला हो सकता है कि रेस्टोरेंट की बाहरी छत पर आयोजित निजी कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमान को लक्ष्य बनाकर किया गया हो. क्योंकि इस कार्यक्रम में कई विशेष अतिथि मौजूद थे और इसी वजह से सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी थी. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच नहीं होती और महिला रेस्टोरेंट के भीतर पहुंच जाती, जिससे कई लोगों की जान जा सकती थी.

By Aryavartkranti Bureau

आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।