नई दिल्ली, एजेंसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 साल पूरे होने के मौके पर बीजेपी देशभर में महीने भर चलने वाला विशेष ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के 25 साल 7 अक्टूबर 2026 को पूरे होंगे। इस अवसर पर पार्टी अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएगी।
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार, 9 सितंबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों में ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के मंत्र के साथ लगातार काम किया है और उनका सफर ‘संकल्प से सिद्धि’ तक पहुंचा है।
17 सितंबर से होगी अभियान की शुरुआत
बीजेपी अध्यक्ष के मुताबिक, अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से होगी। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग अपने घरों तथा बूथों पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से उनकी संसदीय कर्मभूमि वाराणसी तक ‘वडनगर से वाराणसी जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जाएगी।
क्या है ‘सेवा सेतु अभियान’?
अभियान के तहत देशभर के ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से छूटे पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना होगा।
इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम किसान, वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को दस्तावेजी और डिजिटल सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
एक महीने में होंगे करीब 13 प्रमुख कार्यक्रम
बीजेपी के मुताबिक, अभियान के दौरान करीब 13 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘नमो सेवा गाथा’ नुक्कड़ नाटक, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान, युवा संवाद और ‘सेवा मेरा योगदान’ जैसे कार्यक्रम शामिल हैं।
पार्टी का कहना है कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन, उनकी कार्यशैली और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है।
‘निराशा से उम्मीद की ओर बढ़ा देश’
बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, उस समय देश में निराशा और नीतिगत गतिरोध का माहौल था। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में भारत ने आर्थिक और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंच पर देश का प्रभाव बढ़ा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है।
‘साधारण कार्यकर्ता से प्रधानसेवक तक का सफर’
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सफर एक साधारण पार्टी कार्यकर्ता के रूप में शुरू हुआ और आज वह देश के ‘प्रधानसेवक’ के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा स्पष्ट विजन, दृढ़ संकल्प और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिली है। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को संरक्षित एवं विकसित करने पर भी जोर दिया गया है।
गरीब कल्याण योजनाओं को बताया बड़ी उपलब्धि
बीजेपी अध्यक्ष ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि करोड़ों लोगों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है। उन्होंने 80 करोड़ लोगों को राशन, 100 करोड़ से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने, 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण, कोविड के दौरान मुफ्त वैक्सीन और 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों के लिए आवास जैसी उपलब्धियों को सरकार की बड़ी पहल बताया।
नितिन नबीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले 25 वर्षों में ‘जन सेवा से राष्ट्र सेवा’ के मंत्र को आगे बढ़ाया है और बीजेपी इसी भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के जरिए जनता के बीच पहुंचेगी।


