पासपोर्ट पर नया नियम लागू: 15 साल से कम उम्र के बच्चों का पासपोर्ट 5 साल तक रहेगा वैध

नई दिल्ली, एजेंसी। 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए जारी होने वाले साधारण भारतीय पासपोर्ट की वैधता को लेकर नया नियम लागू हो गया है। अब बच्चों का 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल या बच्चे के 18 साल की उम्र पूरी होने तक, इनमें से जो भी पहले हो, तब तक वैध रहेगा।

विदेश मंत्रालय की ओर से अधिसूचित पासपोर्ट (संशोधन) नियम, 2026 को गुरुवार को भारत के राजपत्र में प्रकाशित किया गया। इसके साथ ही पासपोर्ट नियम, 1980 में संशोधन किया गया है।

क्या है नया नियम?

संशोधित नियम 12(1ए) के अनुसार, 15 साल से कम उम्र के बच्चे को जारी किया गया 36 पन्नों वाला साधारण पासपोर्ट जारी होने की तारीख से पांच साल तक या बच्चे के 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक वैध रहेगा। दोनों में से जो अवधि पहले समाप्त होगी, उसी के अनुसार पासपोर्ट की वैधता मानी जाएगी।

15 सितंबर को जारी अधिसूचना में पासपोर्ट आवेदन शुल्क से जुड़े नियम 8 में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत आवेदन की प्रत्येक श्रेणी के लिए निर्धारित शुल्क नियमों की अनुसूची IV के अनुसार लिया जाएगा।

संशोधित नियम आधिकारिक राजपत्र में प्रकाशित होने की तारीख से ही प्रभावी हो गए हैं।

पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में पहले ही हुई बढ़ोतरी

विदेश मंत्रालय ने 1 जुलाई से पासपोर्ट से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की थी। इसका असर नए पासपोर्ट आवेदन, नवीनीकरण, तत्काल सेवा, खोए या क्षतिग्रस्त पासपोर्ट के बदले जारी होने वाले पासपोर्ट, पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) और अन्य सेवाओं पर पड़ा है।

बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों को 10% छूट

नए पासपोर्ट आवेदन के मामले में 8 साल से कम उम्र के बच्चों और 60 साल से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों के लिए 10 प्रतिशत की छूट जारी रहेगी। हालांकि, यह छूट पासपोर्ट के पुनः जारी (Re-issue) कराने के आवेदन पर लागू नहीं होगी।

वयस्कों के पासपोर्ट की फीस कितनी हुई?

वयस्कों के 36 पन्नों वाले नए पासपोर्ट या नवीनीकरण के सामान्य आवेदन का शुल्क 1,500 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है। वहीं 60 पन्नों वाले सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 2,000 रुपये से बढ़कर 3,500 रुपये हो गया है।

तत्काल सेवा के तहत 36 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट का शुल्क 3,500 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये और 60 पन्नों वाले पासपोर्ट का शुल्क 4,000 रुपये से बढ़कर 6,000 रुपये हो गया है।

वहीं तत्काल श्रेणी में 60 पन्नों वाले वयस्क पासपोर्ट के रिप्लेसमेंट का शुल्क 5,500 रुपये से बढ़ाकर 8,500 रुपये कर दिया गया है।

नाबालिगों के लिए भी महंगी हुई पासपोर्ट सेवा

18 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए भी पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की गई है। नाबालिगों के 36 पन्नों वाले नए या पुनः जारी सामान्य पासपोर्ट का शुल्क 1,000 रुपये से बढ़ाकर 1,750 रुपये कर दिया गया है।

इसी तरह तत्काल श्रेणी में नाबालिगों के 36 पन्नों वाले नए या पुनः जारी पासपोर्ट का शुल्क 3,000 रुपये से बढ़ाकर 4,250 रुपये कर दिया गया है।

इस तरह नए नियम में जहां 15 साल से कम उम्र के बच्चों के पासपोर्ट की वैधता अवधि को स्पष्ट किया गया है, वहीं पासपोर्ट सेवाओं के शुल्क में पहले की गई बढ़ोतरी भी लागू है।