नई दिल्ली। करीब 13 साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार दुनिया के सबसे चर्चित वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 (GTA 6) की धमाकेदार एंट्री हो गई है। रॉकस्टार गेम्स (Rockstar Games) ने 8 साल की कड़ी मेहनत के बाद इसे दुनियाभर के गेमर्स के लिए लॉन्च कर दिया है। भारत में गुरुवार आधी रात से इसकी शुरुआत हुई। खास बात यह है कि कंसोल पर उपलब्ध होने से पहले ही इस गेम ने कमाई के मामले में हॉलीवुड की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को भी पछाड़ दिया है।
प्री-ऑर्डर में ही तोड़ा ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ का रिकॉर्ड
मार्केट इंटेलिजेंस फर्म ‘सेंसर टावर’ के आंकड़ों के मुताबिक, लॉन्च से ठीक पहले बुधवार तक GTA 6 को करीब 1.5 अरब डॉलर (लगभग 14,100 करोड़ रुपये) के प्री-ऑर्डर मिल चुके थे। यह रकम साल 2019 की मेगा-हिट फिल्म ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ की ग्लोबल ओपनिंग कमाई (1.2 अरब डॉलर) से भी कहीं ज्यादा है।
• 99 की शानदार रेटिंग: रिव्यू एग्रीगेटर मेटाक्रिटिक पर 145 रिव्यू के आधार पर गेम को 100 में से 99 का स्कोर मिला है।
• शेयरों में उछाल: गेम के रिलीज होते ही इसकी पेरेंट कंपनी ‘टेक-टू इंटरएक्टिव’ के शेयरों में 7.70% तक की जबरदस्त तेजी दर्ज की गई।
इतिहास का सबसे महंगा प्रोजेक्ट: बजट ₹18,800 करोड़ तक!
इंडस्ट्री एनालिस्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को बनाने में 1 से 2 अरब डॉलर (करीब 9,400 करोड़ से 18,800 करोड़ रुपये) तक खर्च हुए हैं, जो इसे दुनिया का सबसे महंगा वीडियो गेम बनाता है।
• इसकी तुलना में बड़ी हॉलीवुड फिल्मों का बजट 500-600 मिलियन डॉलर और भारत की चर्चित फिल्म ‘रामायण’ के दोनों पार्ट्स का कुल बजट करीब 4,000 करोड़ रुपये बताया जाता है।
• अनुमान है कि इस साल के अंत तक GTA 6 की 3 करोड़ कॉपी बिक सकती हैं और यह 3 अरब डॉलर की कमाई कर सकता है।
क्या है GTA 6 का खास ‘इंडिया कनेक्शन’?
इस ऐतिहासिक गेम की सफलता में भारत का नाम भी प्रमुखता से जुड़ रहा है:
• बेंगलुरु स्टूडियो का योगदान: रॉकस्टार का ‘रॉकस्टार इंडिया’ स्टूडियो बेंगलुरु में स्थित है, जिसे 2019 में भारत की शुरुआती गेमिंग कंपनी ‘ध्रुव इंटरएक्टिव’ के अधिग्रहण के बाद तैयार किया गया था।
• 1,600 भारतीय डेवलपर्स: भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दावा किया है कि GTA 6 का एक बड़ा हिस्सा भारत में रॉकस्टार स्टूडियो के 1,600 डेवलपर्स द्वारा तैयार किया गया है।
पहली बार महिला लीड रोल, 50 घंटे में पूरी होगी कहानी
• नई कहानी और किरदार: इस बार गेम की कहानी फ्लोरिडा से प्रेरित काल्पनिक शहर ‘लियोनिडा’ पर आधारित है। इसमें पहली बार ‘लूसिया’ नाम की महिला किरदार मुख्य भूमिका में है, जो अपने साथी ‘जेसन’ के साथ नजर आएगी।
• गेमिंग अनुभव और क्रेज: इसकी मुख्य कहानी पूरी करने में करीब 50 घंटे लगेंगे। दो बार रिलीज टलने (पहले 2025, फिर मई 2026 और अब 19 नवंबर 2026) के बाद इसका क्रेज इस कदर है कि अमेरिका में कई कंपनियों ने अपने कर्मचारियों को गेम खेलने के लिए बाकायदा छुट्टी तक दी है।

