उत्तर प्रदेश। हादसे के बाद पुलिस पर कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम करीब 6 बजे झारखंडी चौराहे पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जेसीबी चालक व आयोजकों पर सख्त कार्रवाई और झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। जाम के चलते सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटिल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई के आश्वासन के बाद रात करीब 8 बजे जाम समाप्त हुआ। गुरुवार को पिता ओंकार सिंह की तहरीर पर एम्स थाने में जेसीबी चालक साधु यादव उर्फ साधु भैया, मनोज यादव, मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू, योगेश यादव और चंद्र प्रकाश समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना पर शुरू हुई तीखी सियासी बयानबाजी
• रवि किशन ने जताया दुख: गोरखपुर के भाजपा सांसद रवि किशन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि ओंकार सिंह उनके दोनों चुनावों में साथ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता और पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन राजनीति की भेंट किसी की जान नहीं चढ़नी चाहिए।
• ओपी राजभर का हमला: प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव को घेरते हुए सवाल किया कि क्या वह गोरखपुर से शर्मिंदगी लेकर लौटे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि रोड शो में शामिल बुलडोजर की वजह से एक मासूम की जान गई है।
• सपा का पलटवार और CCTV की मांग: राजभर के बयान पर पलटवार करते हुए समाजवादी पार्टी के मीडिया सेल ने 2024 में लखनऊ के अर्जुनगंज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के काफिले से जुड़े एक हादसे का जिक्र किया और सरकार पर घटना को दबाने का आरोप लगाया। इसके साथ ही सपा ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत चौराहों पर लगे एआई (AI) युक्त सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सार्वजनिक करने की मांग की है। सपा का कहना है कि फुटेज सामने आने से साजिश बेनकाब होगी और हादसे की असली वजह व जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। पार्टी ने अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए यूपी डीजीपी और गोरखपुर पुलिस को भी टैग किया है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का रुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर के मेयर मंगलेश श्रीवास्तव और स्थानीय विधायक सरवन निषाद ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि परिवार की मांगों को गंभीरता से लिया गया है और झारखंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए संबंधित विभाग को निर्देश दिए जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

