‘हिंदुत्व’ शब्द को ‘भारतीय संविधानवाद’ से बदलने की मांग, SC ने खारिज की जनहित याचिका

नई दिल्ली, एजेंसी। सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को ‘हिंदुत्व’ शब्द को ‘भारतीय संविधानवाद’ से बदलने की मांग वाली जनहित याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया। इस मुद्दे पर जनहित याचिका को खारिज करते हुए मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा, यह पूरी तरह से प्रक्रिया का दुरुपयोग है। बता दें कि यह जनहित याचिका दिल्ली के विकासपुरी निवासी एस एन कुंद्रा ने दायर की थी। इस पर सुनवाई से इनकार करते हुए सीजेआई ने कहा, हम इस पर विचार नहीं करेंगे।
सुप्रीम कोर्ट का TPSC की परीक्षा पर रोक लगाने से इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को तेलंगाना लोक सेवा आयोग (टीजीपीएससी) की तरफ से कई सरकारी विभागों में 563 ग्रेड-I पदों को भरने के लिए आयोजित की जा रही परीक्षा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया और कहा कि इस तरह के आदेश से अराजकता पैदा होगी। मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि, ये परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होनी है, अगर हम इस स्तर पर परीक्षा पर रोक लगाते हैं तो अराजकता फैल जाएगी। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा की पीठ ने ये बात तब कही, जब याचिकाकर्ता की ओर से पेश वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने अंतरिम रोक लगाने का दबाव डाला। पीठ ने कहा, परीक्षा आज होनी है। छात्र पहले ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश कर चुके हैं। इस पर सिब्बल ने कहा कि अभ्यर्थी राज्य में पहली बार आयोजित की जा रही परीक्षा में बैठने का मौका खो देंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular