गोंडा। कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और सिने स्टार सलमान खान आपस में मिले हुए हैं। दोनों की जुगलबंदी टीआरपी के खेल में शामिल है। खींचतान भरी चर्चा से माहौल में गर्मी के साथ-साथ दोनों को फायदा भी हो रहा है।
बृजभूषण ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम को फ्रॉड गैंग बताया है। दूसरी तरफ जम्मू-काश्मीर में अनुच्छेद 370 पर राय देते हुए कहा कि इसे कोई भी खत्म नहीं कर सकता। गोंडा जिले में विश्नोहरपुर स्थित अपने आवास पर मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने यह दावा किया। सलमान और लॉरेंस के बीच चल रहे विवाद को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि इन दोनों लोगों का काम हो रहा है।
सलमान खान की भी टीआरपी बढ़ रही है और लॉरेंस बिश्नोई की भी टीआरपी बढ़ रही है। टीआरपी बढ़ाने के लिए यह दोनों लोग मिलकर आपस में काम कर रहे हैं। दिल्ली में पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के आवास से सामान चोरी होने को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि देखिए मैं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गंभीरता से नहीं लेता हूं। भले वह मुख्यमंत्री रहे हों, भले वह दोबारा मुख्यमंत्री बने। लेकिन मैं उसको एक फ्रॉड मानता हूं। यह दुर्भाग्य है कि कुछ लोग आए और आदर्शवादी तरीके से आए। पहले कहते थे कि गाड़ी नहीं लूंगा, बंगला नहीं लूंगा, सिक्योरिटी नहीं लूंगा। बाद इन्होंने गाड़ी भी ली, बंगला भी लिया, सिक्योरिटी भी ली।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के अनुच्छेद 370 खत्म करने वाले बयान पर कहा कि 370 को इस दुनिया में अब कोई समाप्त नहीं कर सकता है। बहुत सोच समझ के ही जनहित में लिया गया निर्णय है।
यह उसी परिवार से आते हैं जो आज समस्या बन के गले में अटकी हुई है। वहीं, हरियाणा चुनाव को लेकर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि हरियाणा के चुनाव ने इनका मनोबल तोड़ दिया है, अब उनके नेता छटपट-छटपट कर रहे हैं।
‘सलमान खान और लॉरेंस मिले हुए हैं… ये TRP का खेल है’, बृजभूषण सिंह का दावा, बोले- केजरीवाल फ्रॉड हैं
अन्य ख़बर

