बारामूला के कोर्ट परिसर में ग्रेनेड फटा, हादसे में एक पुलिसकर्मी घायल

नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर के बारामूला में ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है। धमाका मलखाना कोर्ट परिसर में हुआ है। घटना में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया है। पुलिस के मुताबिक, ग्रेनेड गलती से फटा। हालात काबू में है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
इस घटना से कुछ देर पहले त्राल में आतंकवादियों ने उत्तर प्रदेश के एक मजदूर को गोली मार दी, जिसमें वह घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिजनौर के रहने वाले शुभम कुमार को बटागुंड गांव में आतंकवादियों ने गोली मार दी। कुमार को गोली हाथ में लगी थी।
उन्होंने बताया कि कुमार को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पिछले एक हफ्ते में कश्मीर में प्रवासी मजदूरों पर हमले का यह तीसरा मामला है।
रविवार को गांदरबल जिले में एक निर्माण स्थल पर हुए आतंकी हमले में छह प्रवासी मजदूरों और एक स्थानीय चिकित्सक की मौत हो गई थी, जबकि 18 अक्टूबर को शोपियां जिले में आतंकवादियों ने बिहार के एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
मृतक डॉक्टर के घर पहुंचे थे सीएम
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला गांदरबल हमले में जान गंवाने वाले डॉ। शाहनवाज डार के घर पहुंचे और उनके परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य सरकार चिकित्सक के बेटे की सिविल सेवा की शिक्षा और प्रशिक्षण से संबंधित सभी खर्च वहन करेगी। उनका बेटा अधिकारी बनना चाहता है।
अब्दुल्ला ने डॉ। डार के परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करने के लिए बडगाम के नाईदगाम गांव का दौरा किया। उन्होंने कहा, डॉ। साहब के निधन से जो क्षति पहुंची है उसे पूरा नहीं किया जा सकता, लेकिन हम आपकी सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular