सलमान खान को फिर मिली धमकी, दो करोड़ रुपये की भी की गई मांग, मुंबई पुलिस ने दर्ज की FIR

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को फिर एक बार जान से मारने की धमकी मिली है। इस बार धमकी देने वाले ने उनसे दो करोड़ रुपये की भी मांग की है। मुंबई पुलिस ने बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मुंबई ट्रैफिक पुलिस को मंगलवार को एक संदेश मिला, जिसमे कहा गया कि अगर अभिनेता ने दो करोड़ रुपये नहीं दिए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पुलिस ने तुरंत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
इससे पहले भी मुंबई पुलिस की व्हाट्सएप हेल्पलाइन डेस्क को सलमान खान को जान से मारने की धमकी मिली थी। इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की मांग की गई थी। इस मामले में पुलिस ने जमशेदपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। मैसेज भेजने वाले ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के हवाले से कहा था कि अगर सलमान खान जिंदा रहना चाहते हैं और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से दुश्मनी खत्म करना चाहते हैं तो उन्हें पांच करोड़ रुपये देने होंगे। इसे हल्के में लेने की गलती न करें। मैसेज में कहा गया कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उनका हाल बाबा सिद्दीकी से बुरा होगा।
नोएडा से गिरफ्तार किया गया एक व्यक्ति
सलमान खान और दिवंगत राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने सोमवार को नोएडा के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। गैंग के संदिग्ध सदस्यों ने इस साल अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा वाले आवास के बाहर गोलीबारी भी की थी। कुछ महीने पहले ही नवी मुंबई पुलिस ने बिश्नोई गैंग द्वारा सलमान खान को जान से मारने की साजिश का पर्दाफाश किया, जिसके बाद ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular