दिवाली पर योगी सरकार का बड़ा ऐलान, 31 अक्टूबर के साथ-साथ 1 नवंबर को भी रहेगी छुट्टी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के लिए योगी सरकार ने अतिरिक्त छुट्टियों की घोषणा की है। अब कर्मचारियों को 31 अक्टूबर और 1 नवंबर दोनों दिन छुट्टी मिलेगी, जिससे उन्हें दिवाली मनाने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। सरकार के नए आदेश के अनुसार 31 तारीख के साथ ही 1 तारीख को भी छुट्टी रहेगी। इस दौरान प्रदेश सरकार के विभिन्न कार्यालय और माध्यमिक स्कूल एक नवंबर को बंद रहेंगे।
वहीं, अयोध्या में बुधवार को आयोजित होने वाले दीपोत्सव के आठवें संस्करण को लेकर राम नगरी के निवासी और संतगण खुशी से झूम रहे हैं, क्योंकि यहां नवनिर्मित भव्य मंदिर में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद यह पहला दिवाली समारोह होगा। अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने कहा कि पहले हमें दुख होता था कि हमारे रामलला टेंट में हैं…लेकिन अब हर कोई खुश है कि पहली बार प्रभु (भगवान राम) भव्य नए मंदिर में दीपावली उत्सव में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि हमें भगवान श्री कृष्ण की जन्मस्थली पर भी इसी तरह की दीपावली मनाने की उम्मीद है।
पर्यावरण संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा कि उसका लक्ष्य इस दिवाली पर सरयू नदी के तट पर 28 लाख दीये जलाकर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाना है। राम मंदिर को पर्यावरण के अनुकूल विशेष दीपक से रोशन किया जाएगा। ये दीपक मंदिर की संरचना पर दाग और कालिख के प्रभाव को रोकने के लिए बनाए गए हैं और इनकी लौ लंबे समय तक जलते रहेगी। राम मंदिर परिसर को पुष्प से सजाया जाएगा। सजावट के लिए इसे विभिन्न खंडों में विभाजित किया गया है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular