‘दुश्मनों के खिलाफ एकजुट हों भारतीय’, गडकरी ने ‘बंटेंगे तो कटेंगे’ नारे का किया बचाव

मुंबई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने योगी आदित्यनाथ के नारे बटेंगे तो कटेंगे का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि लोगों को इस नारे का गलत मतलब नहीं निकालना चाहिए और देश के दुश्मनों और आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। गडकरी ने ये भी दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में राज्य में महायुति गठबंधन की सरकार सत्ता में वापसी करेगी।
नितिन गडकरी ने कहा कि ‘हमारी पूजा पद्धति अलग हो सकती हैं, कुछ लोग मंदिर जाते हैं तो कुछ मस्जिद और कुछ गिरिजाघर, लेकिन आखिर में तो हम सब भारतीय हैं। हमें बटेंगे तो कटेंगे नारे का गलत मतलब नहीं निकालना चाहिए बल्कि आतंकवाद और देश के दुश्मनों के खिलाफ एकजुट होना चाहिए। सभी भारतीयों को एकजुट होना चाहिए और ये किसी को बांटने के लिए नहीं है, लेकिन दुख की बात है कि लोग इसका गलत मतलब निकाल रहे हैं।’
योगी आदित्यनाथ के नारे को लेकर नेताओं के अलग-अलग मत
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक जनसभा के दौरान ये नारा दिया था, जिसे लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। कई नेताओं ने योगी आदित्यनाथ के नारे का समर्थन किया है तो कई नेता ऐसे भी हैं, जो योगी के नारे को भड़काऊ और लोगों को बांटने वाला बता रहे हैं। नितिन गडकरी ने आगामी विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र में महायुति गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। गडकरी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान अलग माहौल था, लेकिन अब विधानसभा चुनाव में शिव सेना और कांग्रेस के विचार मेल नहीं खा रहे हैं।
महायुति गठबंधन की तरफ से सीएम पद के चेहरे को लेकर गडकरी ने कहा कि चुनाव एकनाथ शिंदे, अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में हो रहे हैं और चुनाव के बाद ये तीनों नेता, पार्टी आलाकमान और चुने हुए प्रतिनिधि नेता का चुनाव करेंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular