फ्लाइट टिकट हो सकता है महंगा, तेल कंपनियों ने बढ़ा दिया एविएशन फ्यूल का दाम

नई दिल्ली, एजेंसी। एयरलाइन्स को महीने के पहले ही दिन झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने आज यानी 1 दिसंबर से एविएशन टर्बाइन फ्यूल के दाम बढ़ा दिये हैं। इससे अब एयरलाइन्स भी हवाई किराये में बढ़ोतरी कर सकती हैं, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ेगा। तेल कंपनियों ने 1 दिसंबर से एटीएफ की कीमत को रु.13,181.2 प्रति किलोलीटर बढ़ा दिया है। इससे दिल्ली में एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमत रु.91,856.84 प्रति किलोलीटर हो गई है। इसके अलावा कोलकाता में एटीएफ रु.94,551.63 प्रति किलोलीटर, मुंबई में रु.85,861.02 प्रति किलोलीटर और चेन्नई में ?95,231.49 प्रति किलोलीटर मिल रहा है।
दिसंबर लगातार दूसरा महीना है, जब सरकारी तेल कंपनियों ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में इजाफा किया है। पिछले महीने भी एटीएफ की कीमत रु.2,941.5 प्रति किलोलीटर बढ़ाई गई थी। इससे एयरलाइंस का परिचालन खर्च तेजी से बढ़ रहा है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि एटीएफ महंगा होने से एयरलाइन्स हवाई कीमतों में 10 से 15 फीसदी का इजाफा कर सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को महंगे में टिकट खरीदना पड़ जाएगा। डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में गिरावट आने से एटीएफ की कीमतों में इजाफा हो रहा है। बता दें कि हवाई फ्यूल की लागत एयरलाइंस के कुल खर्च का करीब 40 फीसदी हिस्सा होती है।
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 94.77 रुपये लीटर पर बिक रहा है। इसके अलावा पटना में 105.58 रुपये प्रति लीटर और चंडीगढ़ में पेट्रोल 94.30 रुपये प्रति लीटर में बिक रहा है। डीजल की बात करें, तो यह दिल्ली में 87.67 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। इसके अलावा डीजल पटना में 92.42 रुपये प्रति लीटर और चंडीगढ़ में 82.45 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular