मुडा मामले को लेकर प्रियांक का ED पर हमला, कहा- …कुछ और नहीं, बस गुलाम निदेशालय और BJP की कठपुतली

बंगलूरू, एजेंसी। कर्नाटक के मंत्री और कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने एक बार फिर भाजपा सरकार और ईडी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को ‘गुलाम निदेशालय’ बताया। साथ ही कहा कि ईडी कुछ और नहीं बल्कि ‘भाजपा सरकार की असहाय कठपुतली’ है।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा, ‘प्रवर्तन निदेशालय गुलाम निदेशालय बन गया है। वो और कुछ नहीं बल्कि भाजपा सरकार की असहाय और लाचार कठपुतली है। मुडा मामले में सीएम सिद्धारमैया के खिलाफ ईडी की लीक हुई मनगढ़ंत रिपोर्ट ने फिर से भाजपा द्वारा केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक उपकरण के रूप में दुरुपयोग को उजागर किया है।’ उन्होंने पूछा, ‘ईडी अधिकार क्षेत्र के बिना काम करते हुए जानबूझकर लोकायुक्त के लिए बनाई गई एक रिपोर्ट को मीडिया में लीक कर रहा है जो और कुछ नहीं बल्कि अदालत को गुमराह करने का एक शर्मनाक प्रयास है जो आज सीएम की याचिका पर सुनवाई कर रही है।

कर्नाटक के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के धन शोधन मामले का विवरण सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया?’ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने बुधवार को उच्च न्यायालय में याचिका की सुनवाई से पहले लोकायुक्त को पत्र लिखने के लिए प्रवर्तन निदेशालय की आलोचना की और कहा कि ईडी अदालत को प्रभावित करना चाहता है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट जांच के बाद लोकायुक्त को सौंपी जा सकती थी। उन्होंने यह भी कहा कि पत्र लिखने और उसे मीडिया में लीक करने के पीछे राजनीतिक दुर्भावना और अदालत को गुमराह करने का प्रयास था।

रिपोर्ट मीडिया में लीक करना राजनीतिक द्वेष
सिद्धारमैया ने एक्स पर कहा, ‘हाईकोर्ट में हमारी याचिका की सुनवाई से एक दिन पहले ईडी ने कोर्ट को प्रभावित करने के इरादे से लोकायुक्त को पत्र लिखा था। ईडी जांच कर रही है। उसका जांच करना ठीक नहीं है। फिर भी जांच करने के बाद जांच रिपोर्ट लोकायुक्त को सौंपी जा सकती थी। इसके अलावा लोकायुक्त को पत्र लिखना और उसे मीडिया में लीक करना राजनीतिक द्वेष है। इस मुद्दे को लेकर कल हाईकोर्ट में हमारी याचिका की सुनवाई है। एक दिन पहले मीडिया में प्रचार करना कोर्ट को प्रभावित करने और गुमराह करने के लिए एक दुर्भावनापूर्ण राजनीतिक चाल है।’

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular