आप ने जारी की 20 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, मनीष सिसोदिया की बदली सीट

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को 20 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की सीट बदल दी, जो पटपड़गंज से विधायक हैं। अब वह जंगपुरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। सिसोदिया की सीट पटपड़गंज से इस बार अवध ओझा को टिकट दिया गया है जो एक शिक्षाविद् और लोकप्रिय यूट्यूबर हैं। वह हाल ही में सत्तारूढ़ आप पार्टी में शामिल हुए हैं।
AAP ने कृष्णा नगर से विकास बग्गा, गांधी नगर से नवीन चौधरी (दीपू), शाहदरा से पद्मश्री जितेंद्र सिंह शंटी और मुस्तफाबाद से आदिल अहमद खान को टिकट दिया है। इसके अलावा देवली से प्रेम कुमार चौहान, त्रिलोकपुरी से अंजना पारछा पर भरोसा जताया है। इसमें नरेला से दिनेश भारद्वाज, मंगोलपुरी से राकेश जाटव धर्मरक्षक, तिमारपुर से सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू, आदर्श नगर से मुकेश गोयल, मुंडका से जसबीर कारला, रोहिणी से प्रदीप मित्तल, चांदनी चौक से पुनरदीप सिंह साहनी (सेबी), पटेल नगर से प्रवेश रतन, मादीपुर से राखी बिडला, जनकपुरी से प्रवीण कुमार, बिजवासन से सुरेंद्र भारद्वाज, पालम से जोगिंदर सोलंकी का नाम शामिल है।
पार्टी ने नवंबर में 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। दिल्ली में 2025 के विधानसभा चुनाव के लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी द्वारा उम्मीदवारों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया चल रही है। 2020 के विधानसभा चुनावों में, आम आदमी पार्टी ने अपने 70 उम्मीदवारों की सूची से 15 मौजूदा विधायकों को हटा दिया, जबकि 24 नए चेहरों को मैदान में उतारा। इनमें वर्तमान मुख्यमंत्री आतिशी, पार्टी के वर्तमान राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और दिलीप पांडे भी शामिल हैं। ये तीनों 2019 के लोकसभा चुनाव में असफल रहे थे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular