लोकसभा में हंगामे और नेताओं के रवैये को बिरला ने बताया अशोभनीय, सांसदों को दी मर्यादा बनाए रखने की नसीहत

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को संसद परिसर में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के विरोध प्रदर्शन के तौर-तरीकों को अशोभनीय बताया। उन्होंने प्रतिपक्ष के बड़े नेताओं के आचरण को संसदीय परंपराओं को प्रतिकूल करार दिया। उन्होंने कहा कि सभी को संसद की गरिमा, मर्यादा और प्रतिष्ठा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर इसका जिक्र किया। इस दौरान विपक्षी दलों के सदस्यों ने अपने मुद्दे उठाने का प्रयास करते हुए हंगामा किया, जिसके चलते सदन की कार्यवाही पांच मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
इससे पहले विपक्षी नेताओं ने काले रंग का झोला लेकर संसद भवन परिसर में प्रदर्शन किया। झोले पर उद्योगपति गौतम अदाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर बनी हुई थी। इससे एक दिन पहले ही नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी और अदाणी का मुखौटा पहने दो कांग्रेस सांसदों का प्रतीकात्मक साक्षात्कार करते हुए सरकार और प्रधानमंत्री पर निशाना साधा था। कांग्रेस सांसद शिवाजी कलगे ने प्रधानमंत्री मोदी और मणिकम टैगोर ने गौतम अदाणी का मुखौटा पहन रखा था।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular