बसपा सुप्रीमो मायावती ने दिया बयान, अपना बयान वापस लें गृहमंत्री अमित शाह, कांग्रेस को भी घेरा

लखनऊ। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर पर गृहमंत्री अमित शाह की टिप्पणी पर मचे बवाल के बीच बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी बयान जारी किया है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री अमित शाह से अपना बयान वापस लेने की मांग की है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के अनुयायी अमित शाह को कभी माफ नहीं करेंगे और भाजपा की कोई भी चाल कामयाब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भी हमेशा डॉ. आंबेडकर का विरोध किया है। खुद बाबा साहेब ने भी दलितों को कांग्रेस से दूर रहने की सलाह दी थी।
यूपी विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी
इसके पहले, बृहस्पतिवार को यूपी विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही सपा नेता व कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। सपा सदस्य विधानसभा में डॉ. आंबेडकर की फोटो लेकर पहुंचे थे। सदन की कार्यवाही के दौरान जमकर हंगामा होता रहा। हंगामे के बीच ही अनुपूरक बजट पास कर दिया गया और इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चित काल के लिए स्थगित कर दी गई। हंगामे को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने अन्य सदस्यों से प्रश्न पूछने की अपील की लेकिन किसी ने भी सवाल नहीं पूछा। हंगामा न थमते देख सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने गृहमंत्री के इस्तीफे की मांग की
गृहमंत्री के बयान पर विपक्षी दलों के नेता और कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस नेता व पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गृहमंत्री पर बाबा साहेब के अपमान का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की है। वहीं, लखनऊ में भी जमकर प्रदर्शन हो रहे हैं। यहां पर सपा नेताओं व सपा की छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया और गृहमंत्री अमित शाह के पुतले फूंके और पोस्टर जलाए।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular