समाज को जागृत करने में जनसंपर्क क्षेत्र की भूमिका अहम: उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

पी आर एस आई के 46 वें राष्ट्रीय सम्मेलन का हुआ आगाज

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने 46 वें ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस का शुक्रवार को शुभारंभ किया। उन्होंने इस अवसर पर जनसंपर्क की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने कहा कि शासन की ही नहीं जन जागृति के हर क्षेत्र में जनसंपर्क और जनसंपर्क अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में बदलते परिवेश और लगातार हो रहे विकास कार्यों को रेखांकित किया। उन्होंने राज्य शासन के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने में जनसंपर्क क्षेत्र के विभिन्न उपक्रमों का उल्लेख किया।
राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के केंद्रीय, राज्य सरकारों, कॉर्पोरेट एवं निजी क्षेत्र के जनसंपर्क के प्रतिनिधियों का छत्तीसगढ़ में स्वागत किया। श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ की विपुल संस्कृति एवं प्राकृतिक धरोहरों का उल्लेख करते हुए सभी अतिथियों को छत्तीसगढ़ में पर्यटन का लुफ्त उठाने का आग्रह किया। उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ ने विकास कार्यों से देश भर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए PRSI के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉक्टर अजीत पाठक ने कहा कि जनसंपर्क क्षेत्र में 68 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत यह राष्ट्रीय संगठन जनसंपर्क के क्षेत्र में अपनी निरंतर सेवा प्रदान कर रहा है। यह संगठन जनसंपर्क के पेशेवरों के प्रोत्साहन एवं मार्गदर्शन के साथ ही साथ युवाओं को इस क्षेत्र में अपना भविष्य तलाशने में सदैव प्रेरित किया है। समय-समय पर उनके लिए विशेष प्रशिक्षण एवं प्रोत्साहन के प्रयास किए गए हैं।
PRSI के रायपुर चैप्टर के अध्यक्ष डॉ शाहिद अली ने इस जनसंपर्क महाकुंभ के आयोजन को छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य का विषय बताया। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सम्मेलन को राज्य के लिए गौरव निरूपित किया।
शुभारंभ अवसर राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर पी एल के मूर्ति, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री एसपी सिंह समेत देश भर से आए 200 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिवसीय इस आयोजन के दौरान अलग-अलग विषयों में विशेषज्ञ अपने वक्तव्य प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही 37 विभिन्न वर्गों में जनसंपर्क क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान दिए जाएंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular