फिर बढ़ी अल्लू अर्जुन की मुसीबत, पुष्पा 2 के इस सीन पर खड़ा हुआ विवाद, एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज

नई दिल्ली। साउथ सिनेमा के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन पुष्पा 2 की रिलीज के साथ ही मुश्किलों में फंस गए हैं। पहले फिल्म की स्क्रीनिंग पर विवाद हुआ और अब एक सीन को लेकर अभिनेता के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
हाल ही में, कांग्रेस नेता और तेलंगाना एमएलसी थीनमार मल्लन्ना ने अल्लू अर्जुन समेत पुष्पा 2 के प्रोड्यूसर और डायरेक्टर पर केस दर्ज किया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह सारा विवाद एक सीन को लेकर हुआ है, जिसे कांग्रेस नेता ने अपमानजनक बताया है।
दरअसल, पुष्पा 2 द रूल के एक सीन में अल्लू अर्जुन को स्विमिंग पूल में टॉयलेट करते हुए दिखाया गया, जिसमें पुलिस ऑफिसर भंवर सिंह शेखावत (फहाद फासिल) भी मौजूद रहता है। कांग्रेस नेता ने इस सीन को अपमानजनक बताया और कहा कि इससे कानून प्रवर्तन अधिकारियों की गरिमा को चोट पहुंचती है।
भगदड़ मामले में हुए थे गिरफ्तार
पुष्पा 2 को लेकर नया विवाद उस वक्त आया, जब पहले से ही अल्लू अर्जुन भगदड़ मामले को लेकर फंसे हुए हैं। 4 दिसंबर को पुष्पा 2 की स्क्रीनिंग के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसके चलते एक महिला की मौत हो गई थी और मामले में अभिनेता को गिरफ्तार भी किया गया था। बीते दिनों ही अभिनेता के हैदराबाद स्थित घर पर हमला हुआ और उनसे पीड़िता के परिवार को मुआवजा देने की मांग की गई।
अल्लू अर्जुन से फिर हुई पूछताछ
अल्लू अर्जुन के घर पर हमला करने वालों को गिरफ्तार किया गया था जो अब जमानत पर रिहा हो गए हैं। अभिनेता के परिवार के लिए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इस बीच आज अभिनेता को पूछताछ के लिए भी बुलाया गया है।
पुष्पा 2 का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन
एक तरफ अल्लू अर्जुन दिन-ब-दिन विवादों में घिर रहे हैं, दूसरी ओर उनकी फिल्म पुष्पा 2 जमकर कमाई कर रही है। इस फिल्म ने 19 दिन के अंदर 1075 करोड़ रुपये तक का कारोबार कर लिया है। वर्ल्डवाइड यह फिल्म 1600 करोड़ के करीब भी पहुंचने वाली है। फिल्म का बिजनेस आसमान छू रहा है और अल्लू अर्जुन सफलता का आनंद लेने की बजाय कोर्ट-कचहरी के चक्कर काट रहे हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular