चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, 25 लाख तक के फ्री इलाज का किया ऐलान

नई दिल्ली, एजेंसी। दिल्‍ली विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने बड़ा दांव खेला है। बुधवार को कांग्रेस ने ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा की। इस स्‍कीम के तहत कांग्रेस ने सत्‍ता में आने पर दिल्ली के लोगों को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा (Free Health Insurance) देने का वादा किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इस योजना का ऐलान करते हुए कहा कि यह दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए क्रांतिकारी साबित होगी।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की ये दूसरी ‘गारंटी’ है। इससे पहले पार्टी की ओर से ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा की गई थी जिसके तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को 2500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया गया है। दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।
राजस्‍थान में चल रही है ऐसी ही योजना
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में गहलोत ने संवाददाताओं से कहा कि ‘दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने की संभावनाएं बढ़ रही हैं। मेरा मानना ​​है कि यह देश के लिए भी जरूरी है।’ गहलोत ने यह भी कहा कि प्रस्तावित योजना दिल्लीवासियों की स्वास्थ्य देखभाल संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। उन्होंने कहा, ‘दिल्ली कांग्रेस ने ‘जीवन रक्षा योजना’ को अपने घोषणापत्र में शामिल करने का निर्णय लिया है। जीवन रक्षा योजना के तहत 25 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। हमने राजस्थान में भी ऐसी ही योजना शुरू की, जिसमें प्रदेश के लोगों को 25 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज दिया।
सभी निजी अस्‍पताल होंगे शामिल
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि ‘जीवन रक्षा योजना’ दिल्लीवासियों को उनके जीवन की सुरक्षा का भरोसा देगी। उनका कहना था, ‘दिल्ली की हवा में जहर है, पानी दूषित है, खाने में मिलावट है। इस कारण दिल्ली को गंभीर बीमारियों ने जकड़ लिया है। जब भी जनता को उसकी जरूरत होती है, तो केंद्र और दिल्ली सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं पूरी तरह से चरमरा जाती हैं।’ यादव ने कहा, ‘हमने ‘जीवन रक्षा योजना’ को दिल्ली में लागू करने का फैसला किया है, जिसमें सभी निजी अस्पताल शामिल होंगे।’

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular