जल्द हो सकती है ट्रंप और पुतिन की बैठक, रिपोर्ट्स पर रूसी सरकार ने दी ऐसी प्रतिक्रिया

वॉशिंगटन। अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जल्द ही अमेरिका के अगले राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने वाले हैं। इस बीच गुरुवार को उन्होंने अपने एक बयान में कहा कि उनके और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच मुलाकात की कोशिश की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप ने कहा कि पुतिन से जल्द मुलाकात की बात कही, लेकिन उन्होंने इस संभावित मुलाकात की समयसीमा नहीं बताई। वहीं ट्रंप के बयान पर रूस की सरकार ने भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
रूसी सरकार ने रिपोर्ट्स पर दी ऐसी प्रतिक्रिया
रूसी सरकार के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव के हवाले से रूसी मीडिया ने कहा कि ‘अगर राजनीतिक इच्छाशक्ति होगी तो रूस और अमेरिका के बीच उच्च स्तरीय बैठक हो सकती है। बेशक राष्ट्रपति पुतिन इसका स्वागत करेंगे।’ पेसकोव ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन भी कह चुके हैं कि वे बातचीत के लिए तैयार हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, ट्रंप और पुतिन की मुलाकात अगले छह महीनों में हो सकती है। हालांकि अभी तक दोनों ही पक्षों की तरफ से इस बैठक का कोई प्रस्ताव नहीं है। बीते दिसंबर में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने भी साल की आखिरी पत्रकार वार्ता में कहा था कि वे अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ यूक्रेन मुद्दे पर बातचीत के लिए तैयार हैं।
ट्रंप यूक्रेन युद्ध रुकवाने का कर चुके हैं वादा
राष्ट्रपति चुनाव के लिए प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने रूस-यूक्रेन युद्ध बंद कराने का वादा किया था। ट्रंप ने कहा था कि वे राष्ट्रपति पद की शपथ लेने के बाद 24 घंटे के भीतर रूस-यूक्रेन युद्ध रुकवा देंगे। हालांकि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने माना कि युद्धविराम की प्रक्रिया में समय लगेगा। ट्रंप, रूस-यूक्रेन युद्ध में अमेरिका की भागीदारी और उसमें खर्च हो रहे अमेरिकी पैसों का विरोध कर चुके हैं। माना जा रहा है कि ट्रंप, रूसी राष्ट्रपति के साथ मुलाकात में यूक्रेन युद्ध रोकने पर बात कर सकते हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular