‘कुछ भी कहने से पहले सोचना चाहिए’, महाकुंभ को लेकर हुसैन दलवई के बयान पर उद्धव गुट का पलटवार

मुंबई। शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता आनंद दुबे ने महाकुभ 2025 को लेकर कांग्रेस नेता हुसैन दलवई के बयान पर पलटवार किया है। आनंद दुबे ने कांग्रेस नेता से पूछा कि क्या कभी भी उन्होंने इस उत्सव में हिस्सा लिया है या इसे सिर्फ टीवी पर देखते हैं? दरअसल रविवार को दलवई ने महाकुंभ मेला 2025 की व्यवस्था पर असंतोष जताया था। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बेहतर सुविधा और प्रबंधन की आवश्यकता है। उनके इस पर शिवसेना(यूबीटी) नेता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हुसैन दलवई को कुछ भी कहने से पहले सोचना चाहिए।
हुसैन दलवई के बयान पर आनंद दुबे का पलटवार
कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने बयान पर पलटवार करते हुए शिवसेना(यूबीटी) नेता आनंद दुबे ने कहा, ‘हुसैन दलवई कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता है। उन्हें कुछ भी बोलने से पहले सोचना चाहिए। हुसैन दलवई कुंभ के बारे में क्या जानते हैं? क्या वे कभी कुंभ में गए हैं? उन्होंने इसे सिर्फ टीवी में ही देखा है।’ आनंद दुबे ने कांग्रेस नेता को महाकुंभ का अनुभव लेने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें कुंभ में आमंत्रित करते हैं और पवित्र स्नान कराते हैं।’
शिवसेना (यूबीटी) नेता ने दलवई समेत इंडी गठबंधन के अन्य नेताओं की आलोचना की, जो लगातार सनातन को निशाना बना रहे थे। उन्होंने दलवई से आग्रह किया कि वे अपनी आलोचना सनातन की बजाय भाजपा पर केंद्रित करें। उन्होंने कहा, ‘हम उन्हें कुंभ में आमंत्रित करते हैं। जब 30-40 करोड़ लोगों की भीड़ जुटती है तो भले ही प्रबंधन में कमी हो हमें थोड़ा सहन करना पड़ता है। यह सनातन का उत्सव है। मुझे यह समझ नहीं आता कि चाहे वह द्रमुक हो या दलवई जैसे नेता क्यों इंडी गठबंधन के नेता बार बार सनातन को निशाना बनाते हैं। यह दुखद है। हुसैन दलवई को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए।’
हुसैन दलवई का बयान
कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने रविवार को कहा था कि बड़ी संख्या में लोग महाकुंभ में आ रहे हैं। उसके हिसाब से व्यवस्था भी अच्छी होनी चाहिए। श्रद्धालुओं को बैचों में पवित्र नदी गंगा में स्नान करने की अनुमति दी जानी चाहिए। स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा था कि उन्हें यह सुनिश्चित करना चाहिए बीमारियां न फैलें। डुबकी लगाने से पापियों के पाप कैसे धुल जाएंगे। मुझे नहीं लगता। उन्होंने आरोप लगाया कि महाकुंभ की मौजूदा तैयारियों में कई खामियां थी, जिसका उन्होंने तत्काल उपाय करने का आह्वान किया। एक विज्ञप्ति में बताया गया कि महाकुंभ में सोमवार सुबह आठ बजे तक 4.664 मिलियन से अधिक भक्तों ने त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाई है। संगम पर दस लाख से अधिक कल्पवासी मौजूद हैं और रविवार तक संगम पर पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 13.02 करोड़ है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular