…तो इतना कमाती हैं महाकुंभ की वायरल गर्ल मोनालिसा, 10 करोड़ कमाई के दावे पर खुद दिया जवाब

प्रयागराज। प्रयागराज महाकुंभके वायरल लोगों की बात की जाए तो मोनालिसा का नाम जरूर लोगों के जहन में आता है। माला बेचने वाली मोनालिसा, जो कि मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर की रहने वाली हैं, हर कोई उनकी कमाई के बारे में जानना चाह रहा है। सोशल मीडिया पर तो ये भी दावा किया गया कि मोनालिसा ने 10 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। वो भी माला बेचकर महज 10 दिन में। लेकिन इस बात की क्या सच्चाई है खुद मोनालिसा ने बताया।
इंदौर के महेश्वर की रहने वाली मोनालिसा को फिल्म का भी ऑफर मिला है। मोनालिसा ने इस पर कहा कि हां, मुझे फिल्म का ऑफर जरूर मिला है। लेकिन यह बात बिल्कुल गलत है कि मैंने माला बेचकर महाकुंभ में 10 दिन में 10 करोड़ रुपये कमाए। मेरी इनकम इतनी नहीं है। बल्कि, जब से मैं वायरल हुई तो मेरी माला तक बिकनी बंद हो गई। मुझे काफी परेशानी उठानी पड़ी। हर कोई मेरा इंटरव्यू लेने आ रहा था।
मोनालिसा बोलीं- मेरा तो वायरल होने के बाद से धंधा ही चौपट हो गया। मैं यहां कमाने आई थी। लेकिन मेरी माला की बिक्री बहुत कम हुई। उल्टा मुझे 35,000 रुपये उधार भी लेने पड़े। अगर मैंने इतने पैसे कमाए होते, तो मैं यहां क्यों रहती और माला क्यों बेचती? मैं तो उतना ही कमाती हूं जिससे मेरी रोजी-रोटी चल सके। 10 करोड़ रुपये तो मैंने सपने में भी कभी नहीं सोचे। फिल्म को लेकर बस अभी ऑफर आया है। इसकी पेमेंट की कोई बात नहीं हुई है।
बेहद खूबसूरत हैं आंखें
जब प्रयागराज में महाकुंभ शुरू हुआ तो कई लोगों की नजर मोनालिसा पर पड़ी। जिनकी आंखें बेहद खूबसूरत हैं। बस फिर क्या था। देखते ही देखते मोनालिसा की तस्वीरें वायरल होने लगीं। लोग उनके इंटरव्यू लेने पहुंचने लगे। सोशल मीडिया पर एक वीडियो में मोनालिसा के पिता बोले- मेरी बेटी को अचानक मिली प्रसिद्धि कि हमारा कारोबार प्रभावित हुआ। लोग माला खरीदने के बजाय मोनालिसा की सेल्फी लेने में लगे रहते हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular