चार एसपी व तीन एएसपी भेजे गए प्रयागराज, बसंत पंचमी स्नान के लिए सतर्क हुई सरकार

अमित मेल ब्यूरो
लखनऊ। महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद प्रदेश सरकार बसंत पंचमी को होने वाले स्नान के लिए सतर्क हो गई। शुक्रवार को प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए चार एसपी और तीन एएसपी को महाकुंभ के लिए प्रयागराज भेज दिया है।
इन अफसरों में दीपेंद्र नाथ चौधरी, लक्ष्मीनिवास मिश्र, राज धारी चौरसिया और श्रवण कुमार सिंह शामिल हैं। इसके अलावा, एएसपी विकास चंद्र त्रिपाठी, ओम प्रकाश सिंह और प्रवीण कुमार यादव को भी महाकुंभ भेजा गया है।
इसके पहले, प्रयागराज महाकुंभ में दर्दनाक हादसे के बाद सरकार ने पांच और अनुभवी अधिकारियों की टोली संगम नोज में तैनात की थी। इन अफसरों में एक आईएएस व चार पीसीएस अधिकारी शामिल थे। यह वे अधिकारी हैं, जो पहले प्रयागराज में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वर्ष 2019 में कुंभ के दौरान प्रयागराज में बतौर मंडलायुक्त सेवाएं देने वाले वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशीष गोयल और भानु चंद्र गोस्वामी पहले ही महाकुंभ में तैनात किए जा चुके हैं। यह अधिकारी 15 फरवरी तक प्रयागराज में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में सहयोग देंगे।
जिन अधिकारियों की बृहस्पतिवार को ड्यूटी महाकुंभ में लगाई गई है, उनमें वर्ष 2016 बैच के आइएएस अधिकारी अतुल सिंह हैं। वह इस समय खाद्य एवं रसद विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात हैं। इनके अलावा पीसीएस अधिकारियों में युवा कल्याण विभाग में संयुक्त निदेशक अशोक कुमार, कानपुर में अपर जिलाधिकारी (नागरिक आपूर्ति) आशुतोष कुमार दुबे, हरदोई में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी व बस्ती के अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) प्रतिपाल चौहान शामिल हैं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular