‘अखंड भारत के प्रणेता और महान विजेता शिवाजी को नमन’, सीएम फडणवीस ने दी श्रद्धांजलि

पुणे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उन्हें प्रबंधन गुरु – कुशल प्रशासक भी बताया, जिन्होंने कल्याणकारी राज्य चलाने का उदाहरण प्रस्तुत किया। सीएम फडणवीस ने पुणे के शिवनेरी किले में मराठा राजा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा- शिवाजी महाराज ने न केवल ‘स्वराज्य’ की स्थापना की, बल्कि राष्ट्रीय गौरव की भावना भी जगाई। बता दें कि, महान मराठा योद्धा का जन्म 19 फरवरी, 1630 को जिले की जुन्नार तहसील के शिवनेरी में हुआ था।
‘पालना समारोह’ में शामिल हुए फडणवीस, शिंदे और पवार
शिवाजी महाराज की जयंती मनाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने शिवनेरी किले में ‘पालना समारोह’ समेत कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में मराठा राजा के अनुयायी भी उनकी 395वीं जयंती समारोह में भाग लेने के लिए किले में जमा हुए थे। इस मौके पर वहां उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज केवल योद्धा ही नहीं थे, बल्कि एक कुशल प्रशासक भी थे, जिन्होंने कल्याणकारी राज्य चलाने का उदाहरण प्रस्तुत किया।
वे सच्चे अर्थों में प्रबंधन गुरु थे- फडणवीस
मुख्यमंत्री ने कहा, शिवनेरी की धरती पर कदम रखने से स्वराज्य की प्रेरणा मिलती है और यही भावना लोगों को बार-बार यहां खींच लाती है। उन्होंने कहा, ‘जब कई राजाओं और राज्यों ने मुगल शासन को स्वीकार कर लिया, तो माता जीजाऊ ने छत्रपति शिवाजी महाराज को एक ऐसे नेता के रूप में देखा, जो शोषण और अत्याचार को समाप्त कर लोगों को स्वराज्य की ओर ले जाएगा।’
चला शिवनेरीला जाऊ, आपल्या श्री छत्रपती शिवरायांचे दर्शन घेऊ!
‘किलों के संरक्षण के लिए टास्क फोर्स का होगा गठन’
सीएम ने कहा, ‘अपनी मां द्वारा बताए गए दृढ़ संकल्प और मूल्यों के साथ, शिवाजी महाराज ने सभी समुदायों के लोगों को एकजुट किया, अपनी तलवार चलाई और मावलों की एक सेना बनाई। उन्होंने न केवल स्वराज्य की स्थापना की, बल्कि राष्ट्रीय गौरव की भावना भी जगाई।’ सीएम फडणवीस ने शिवाजी महाराज के किलों के संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि उनका महत्व मंदिरों से भी अधिक है। उन्होंने कहा, ‘हम अवरोधों को हटाकर इन किलों के संरक्षण को सुनिश्चित करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं। इन सभी स्थलों से अतिक्रमण हटाने के लिए एक टास्क फोर्स का गठन किया गया है। चाहे कुछ भी हो, इन अतिक्रमणों को हटाया जाएगा।’
दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने किया संबोधित
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि मराठा राजा की जन्मस्थली शिवनेरी के जीर्णोद्धार कार्य पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘राज्य के ये सभी किले प्रेरणा के स्थान हैं और इनसे हमें शक्ति और ऊर्जा मिलती है तथा राज्य सरकार इनके जीर्णोद्धार पर विशेष ध्यान दे रही है।’
वहीं डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा कि युवाओं के लिए कई आदर्श हैं, लेकिन छत्रपति शिवाजी महाराज आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़े आदर्श होंगे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular