अक्षय कुमार के बाद सास संग महाकुंभ पहुंचीं कैटरीना कैफ

प्रयागराज। प्रयागराज में जारी भव्य-दिव्य और अलौकिक महाकुंभ अब अपने समापन की ओर है। इससे पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र संगम में डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। बॉलीवुड सेलेब्स का भी महाकुंभ में पहुंचने का सिलसिला जारी है। आज (24 फरवरी) को पहले एक्टर अक्षय कुमार ने संगम पहुंचकर वहां पवित्र डुबकी लगाई। उनके बाद अब एक्ट्रेस भी महाकुंभ पहुंच गई हैं। कैटरीना कैफ थोड़ी देर पहले ही प्रयागराज पहुंची हैं। इस दौरान एक्ट्रेस के साथ उनकी सास और विक्की कौशल की मां भी मौजूद रहीं।
स्वामी चिदानंद सरस्वती का लिया आशीर्वाद
एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने महाकुंभ में परमार्थ निकेतन शिविर में स्वामी चिदानंद सरस्वती और साध्वी भगवती सरस्वती का आशीर्वाद लिया, जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं। महाकुंभ पहुंचने पर कैटरीना कैफ ने कहा, “मैं बहुत भाग्यशाली हूं कि मैं इस बार यहां आ सकी। मैं वास्तव में बहुत खुश और आभारी हूं। मैंने स्वामी चिदानंद सरस्वती से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। मुझे यहां की ऊर्जा, सुंदरता और हर चीज का महत्व पसंद है। मैं यहां पूरा दिन बिताने के लिए उत्सुक हूं।’
अक्षय कुमार ने भी लगाई संगम में डुबकी
वहीं, इससे पहले आज (23 फरवरी) ही अक्षय कुमार ने प्रयागराज महाकुंभ पहुंचकर त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान वह यूपी सरकार की व्यवस्थाओं की भी तारीफ करते नजर आए। अक्षय ने कहा कि बहुत ही मजा आया। बहुत बढ़िया इंतजाम है। इतने अच्छे इंतजाम के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। उन्होंने पिछले कुंभ का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे अभी भी याद है कि साल 2019 में जब पिछला कुंभ हुआ था तो लोग गठरी लेकर आते थे। अब तो बड़े-बड़े लोग- अडानी, अंबानी समेत बड़े-बड़े एक्टर्स आ रहे हैं। जिस हिसाब से महाकुंभ में इंतजाम किया गया है ये बहुत-बहुत ही शानदार है। मैं सभी पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों का हाथ जोड़कर धन्यवाद करता हूं।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular