स्टारबक्स ने की 1100 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी, कंपनी ने कहा- खाली पड़े पद भी होंगे खत्म

नई दिल्ली, एजेंसी। कॉफी चेन कंपनी स्टारबक्स ने वैश्विक स्तर पर 1,100 कर्मचारियों की छंटनी की तैयारी की है। इसके अलावा कंपनी खाली पड़े सैकड़ों पदों को भी खत्म करेगी। कंपनी के नए चेयरमैन और सीईओ ब्रायन निकोल ने परिचालन को ठीक करने के लिए यह कदम उठाया है। सोमवार को कर्मचारियों के नाम जारी एक पत्र में निकोल ने कहा कि जिन कर्मचारियों को छंटनी का सामना करना पड़ेगा, उन्हें मंगलवार दोपहर तक सूचित कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी में खाली पड़े सैकड़ों पदों को भी समाप्त कर दिया जाएगा।
कंपनी के सीईओ निकोल ने कहा कि हमारा उद्देश्य अधिक कुशलता से काम करना, जवाबदेही बढ़ाना, जटिलता कम करना और बेहतर एकीकरण करना है। स्टारबक्स के दुनिया भर में 16 हजार कर्मचारी हैं। कंपनी के कुछ कर्मचारी छंटनी से प्रभावित नहीं होंगे। इसमें रोस्टिंग, वेयरहाउस, कंपनी के स्टोर्स में काम करने वाले बैरिस्टा कर्मचारी शामिल हैं।
जनवरी में निकोल ने कहा था कि मार्च की शुरुआत में छंटनी की घोषणा की जाएगी। सभी कामों की देखरेख किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा की जानी चाहिए जो निर्णय ले सके। हमारा आकार और संरचना हमें धीमा कर सकती है। स्टारबक्स ने पिछले साल सुस्त बिक्री को सुधारने के लिए निकोल को सीईओ नियुक्त किया था। उन्होंने कहा है कि वे सेवा समय में सुधार करना चाहते हैं। वह दुकानों को सामुदायिक सभा स्थल के रूप में फिर से स्थापित करना चाहते हैं।
एक साल में दो प्रतिशत तक कम हो गई बिक्री
बीते एक साल में स्टारबक्स की वैश्विक बिक्री 2024 के वित्तीय वर्ष में 2 प्रतिशत तक कम हो गई है। इसका प्रमुख कारण अमेरिका में कीमतों में वृद्धि और बढ़ती प्रतीक्षा समय माना जा रहा है। चीन में इसे कॉफी के सस्ते विकल्प मुहैया करा रही शृंखलाओं से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है।सोमवार को प्रीमार्केट ट्रेडिंग में स्टारबक्स के शेयर स्थिर रहे।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular