मैदान पर लड़ने और गुस्सा दिखाने की हरमनप्रीत को चुकानी पड़ेगी कीमत, आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप

नई दिल्ली। मुंबई इंडियंस की कप्तान हरमनप्रीत पर लखनऊ में यूपी वॉरियर्स के खिलाफ महिला प्रीमियर लीग मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने के लिए मैच फीस का दस प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। मैदान पर गुस्सा दिखाने के लिए हरमनप्रीत कई बार विवादों में रह चुकी हैं। लखनऊ के खिलाफ मैच के दौरान भी उन्हें कई मौकों पर नाराजगी जताते देखा गया। वह यूपी वॉरियर्स की सोफी एक्लेस्टोन से भी भिड़ती दिखी थीं।
हरमनप्रीत और अंपायर के बीच की घटना यूपी की पारी के 19वें ओवर की है, जब अंपायर अजितेष अर्गल ने हरमनप्रीत से कहा कि धीमी ओवरगति के कारण आखिरी ओवर में वह सिर्फ तीन फील्डर सर्कल के बाहर रख सकती हैं। इससे खफा हरमनप्रीत ने अंपायर से संक्षिप्त बहस की और उनकी साथ एमेलिया केर भी इसमें जुड़ गईं। डब्ल्यूपीएल ने एक बयान में कहा, ‘हरमनप्रीत कौर ने धारा 2.8 के तहत लेवल एक का अपराध स्वीकार कर लिया है जो मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असंतोष जताने के संदर्भ में है।’ इसमें कहा गया, ‘लेवल एक के अपराध में मैच रैफरी का फैसला अंतिम और सर्वमान्य होता है।’
हरमनप्रीत का सोफी एक्लेस्टोन विवाद हो गया था जब दूसरे छोर पर खड़ी इंग्लैंड की क्रिकेटर कुछ समझाने के लिये अंपायर की तरफ बढी । हरमनप्रीत ने उसे इस बातचीत से अलग रहने का इशारा किया । विवाद बढता देख स्क्वेयर लेग अंपायर एन जनानी और यूपी की कप्तान दीप्ति शर्मा भी आगे आये । मुंबई ने यूपी के नौ विकेट पर 150 रन के जवाब में 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया था। एमेलिया केर के शानदार पांच विकेट (5-38) और मैथ्यूज की ऑलराउंड (2-25 और 46 गेंदों पर 68 रन) प्रदर्शन की बदौलत मुंबई ने चार विकेट गंवाकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
मुंबई इंडियंस की यह छह मैचों में चौथी जीत है। आठ अंक के साथ हरमनप्रीत कौर की टीम टेबल में दूसरे नंबर पर पहुंच गई है। दूसरी तरफ यूपी वॉरियर्स की स्थिति काफी खराब है। सात मैचों में इस टीम ने अभी तक सिर्फ दो जीत हासिल की है। चार अंक के साथ वह टेबल में आखिरी स्थान पर है। दिल्ली कैपिटल्स पहले ही प्लेऑफ में जगह बना ली है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular