सलमान खान ने उठाया ‘सिकंदर’ की रिलीज डेट से पर्दा, फिल्म का नया पोस्टर भी किया जारी

सलमान खान और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म सिकंदर काफी चर्चा में है। फिल्म के मेकर्स उत्साह बनाए रखने के लिए नए गाने रिलीज कर रहे हैं। फिल्म को इस साल ईद पर रिलीज करने की योजना बनाई गई है, लेकिन निर्माताओं ने इसकी सटीक तारीख का खुलासा नहीं किया था। हालांकि, आखिरकार अब इंतजार खत्म हो चुका है। अब आधिकारिक तौर पर फिल्म की रिलीज डेट से पर्दा उठ गया है।
कब रिलीज होगी फिल्म
खुद सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया पर ‘सिकंदर’ का नया पोस्टर जारी करते हुए फिल्म की रिलीज की तारीख से पर्दा उठाया। ‘सिकंदर’ 30 मार्च, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। वहीं, जारी किए गए नए पोस्टर में सलमान खान बेहद दमदार अवतार में नजर आ रहे हैं। जिसमें वह तलवार पकड़े नजर आ रहे हैं।
सलमान खान की पोस्ट
सलमान खान ने पोस्ट साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, ’30 मार्च को दुनिया भर के सिनेमाघरों में मिलते हैं। सिकंदर।’ सलमान खान की पोस्ट पर सभी प्रशंसकों ने खूब प्यार बरसाया और इसकी रिलीज डेट का खुलासा करने के लिए खुशी भी जाहिर की। एक प्रशंसक ने लिखा, ‘बॉलीवुड के सिकंदर, 30 मार्च 2025 के ब्लॉकबस्टर सिनेमाघरों का सबसे बड़ा दिन।’ एक अन्य ने लिखा, ‘बॉलीवुड पर फिर से राज करो भाई।’ वहीं कई फैंस ने फिल्म देखने के लिए उत्साह जाहिर किया।
कब आएगा फिल्म का ट्रेलर
हाल ही में, टाइटल ट्रैक ‘सिकंदर नाचे’ भी रिलीज किया गया था। 27 फरवरी, 2025 को रिलीज हुए सिकंदर के टीजर ने पहली ही फ्रेम से दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा था। फिल्म के दो टीजर और तीन गाने पहले ही रिलीज हो चुके हैं। अब दर्शकों को इसके ट्रेलर का इंतजार है, जो उम्मीद है कि इस हफ्ते के अंत तक रिलीज कर दिया जाएगा।
फिल्म के कलाकार
सलमान खान और एआर मुरुगादॉस ने ‘सिकंदर’ के लिए पहली बार साथ काम किया है। सलमान ने अपने ‘किक’ के निर्देशक साजिद नाडियाडवाला के साथ फिर हाथ मिलाया है। इस फिल्म में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना, काजल अग्रवाल, सत्यराज और प्रतीक बब्बर भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। सलमान के साथ यह रश्मिका की पहली फिल्म है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular