पश्चिम बंगाल में लागू नहीं होगा वक्फ एक्ट… जैन समुदाय के कार्यक्रम में बोलीं ममता बनर्जी- मैं जानती हूं आप दुखी हैं, लेकिन…

कोलकाता। कोलकाता में ‘नवकार महामंत्र दिवस’ जैन कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि मैं अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों से कहना चाहती हूं कि मुझे पता है कि आप वक्फ मामले से दुखी हैं, लेकिन विश्वास रखें कि बंगाल में कोई फूट डालो और राज करो नहीं होगा। बंगाल का संदेश जियो और जीने दो का संदेश देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बंगाल में रहने वालों को सुरक्षा देना हमारा काम है। मैं आप सभी से अपील करती हूं कि अगर कोई आपको राजनीतिक रूप से इकट्ठा होने के लिए उकसाता है, तो कृपया ऐसा न करें।
याद रखें कि दीदी आपकी और आपकी संपत्ति की रक्षा करेगी। अगर हम साथ रहेंगे, तो हम दुनिया जीत सकते हैं। ममता बनर्जी ने कहा कि बंगाल में कोई भी डिवाइड करने का रूल नहीं होगा। उन्होंने कहा कि सभी को ये मैसेज दीजिए कि हम एकसाथ हैं और यही मैसेज सभी को देना है।
ममता बनर्जी ने कहा कि हमारा उद्देश्य जोड़ना है, बांटना नहीं। जब हम एकजुट रहेंगे, तो देश तरक्की करेगा। कुछ लोग बंगाल को बदनाम कर रहे हैं, कह रहे हैं कि मैं राज्य में हिंदू धर्म को संरक्षण नहीं देती। फिर सबको संरक्षण कौन देता है? मुझे बंगाल के अल्पसंख्यकों को श्रेय देना चाहिए, जो राज्य में हिंदू त्योहार भी मनाते हैं। सबका सिस्टम भले ही अलग हो सकता है, बंगाली लोग बंगाली गाना गाते हैं, हिंदू लोग हिंदी, गुजराती लोग दांडिया भी करते हैं। हमलोग भी मिलकर दांडिया करते हैं। मुझे यह कहते हुए गर्व है कि यह बंगाल है। उन्होंने कहा कि अगर हमें ये लोग गोली भी मार दें तो भी हमारी एकता को नहीं तोड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम कोलकाता की काली मंदिर में आने के लिए सभी को इनवाइट करते हैं। उन्होंने कहा कि हमने नए ढंग से काली मंदिर को बनाया है। उन्होंने कहा कि हम पुरी के जगन्नाथ मंदिर की तरह ही बंगाल में भी मंदिर बना रहे हैं। पहले दिन इसकी पूजा हम करेंगे, इसके बाद इस्कॉन को इसे सौंपा जाएगा।
वक्फ कानून नहीं होगा लागू
ममता बनर्जी ने बुधवार को कहा कि राज्य में वक्फ कानून लागू नहीं किया जाएगा। कोलकाता में जैन समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा कि वह अल्पसंख्यक लोगों और उनकी संपत्ति की रक्षा करेंगी। उन्होंने कहा मैं जानती हूं कि वक्फ अधिनियम के लागू होने से आप दुखी हैं। भरोसा रखें, बंगाल में ऐसा कुछ नहीं होगा, जिससे कोई बांटकर राज कर सके। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की स्थिति देखिए। इसे अभी पारित नहीं किया जाना चाहिए था।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular