लहराई तलवार, पुलिस के सामने नारेबाजी…आगरा में करणी सेना के कार्यकर्ताओं का बवाल

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को करणी सेना का रक्त स्वाभिमान सम्मेलन जारी है। इस कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल किया। कार्यक्रम स्थल पर पुलिस के पहुंचने पर करणी सेना के लोग आक्रोशित हो गए। कार्यकर्ताओं ने रामजीलाल सुमन को लेकर पुलिस के सामने जमकर नारेबाजी की। इसी के साथ पुलिस के सामने क्षत्रियों ने तलवार और डंडे लहराए। कार्यक्रम स्थल से पुलिस आक्रोशित भीड़ को देखकर वापस हो गई। एडिशनल कमिश्नर के साथ अधिकारी पहुंचे थे।
दरअसल, इस कार्यक्रम को लेकर करणी सेना ने पहले से ही ऐलान किया था और इस सम्मेलन में 3 लाख से ज्यादा लोगों के जुड़ने की उम्मीद थी। स्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं और ज्यादातर लोग जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। यह कार्यक्रम आगरा के कुबेरपुर मैदान में जारी है।
राणा सांगा की जयंती पर कार्यक्रम
करणी सेना ने 12 अप्रैल को राणा सांगा की जयंती पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया है। इस कार्यक्रम को लेकर पुलिस पहले से ही अलर्ट थी। समाजवादी पार्टी के सांसद रामजीलाल सुमन ने राणा सांगा को लेकर एक बयान दिया था जिसको लेकर करणी सेना ने विरोध जताया है। सपा सांसद के बयान से आक्रोशित हो कर 26 मार्च को करणी सेना के सदस्यों ने सपा सांसद के आवास पर हमला कर दिया था और तोड़ फोड़ की थी।
सपा सांसद के बयान पर बवाल
राणा सांगा पर सपा सासंद रामजीलाल सुमन की टिप्पणी के बाद बवाल मचा हआ है। रामजीलाल ने संसद में राणा सांगा को गद्दार कहा था। उन्होंने कहा था कि राणा सांगा के निमंत्रण पर बाबर हिंदुस्तान आया था। इब्राहिम लोदी को हराने के लिए राणा सांगा ने बाबर को बुलाया था। सपा सांसद के इस बयान के बाद से ही बड़ा विवाद खड़ा हो गया है और करणी सेना ने उनके इस बयान के खिलाफ विरोध जताया है।
हालांकि, सपा सांसद के बयान पर विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी सफाई भी पेश की। रामजीलाल सुमन ने कहा कि उनका इरादा किसी की भावना को ठेस पहुंचना नहीं था। साथ ही उन्होंने कहा कि उनका बयान ऐतिहासिक संदर्भों पर आधारित था। इस बीच, करणी सेना के सदस्यों ने 26 मार्च को आगरा में उनके घर पर हमला कर दिया था और तोड़ फोड़ की थी। जिस जगह इस समय यह कार्यक्रम किया जा रहा है वहां से सासंद का घर 15 किलोमीटर दूर है।

Aryavartkranti Bureau
Aryavartkranti Bureauhttp://www.aryavartkranti.com
आर्यावर्तक्रांति दैनिक हिंदी समाचार निष्पक्ष पत्रकारिता, सामाजिक सेवा, शिक्षा और कल्याण के माध्यम से सामाजिक बदलाव लाने की प्रेरणा और सकारात्मकता का प्रतीक हैं।
अन्य ख़बर

Most Popular